बड़ी संख्या में दोनों पक्ष के लोग भिड़े, महिला को धक्का देने से बिगड़ी बात
एसएसपी समेत कई अधिकारी पहुंचे, फोर्स तैनात
सहसों। सराय इनायत थाना क्षेत्र के सहसों बहिरापुर गांव में सोमवार की रात दो पक्षों में जमकर बवाल हो गया। बड़ी संख्या में दोनों पक्ष के लोग एक दूसरे के सामने आ गए और पथराव शुरू हो गया। इसमें कई लोग घायल हो गए। स्थानीय पुलिस की सूचना पर कई थानों की फोर्स पहुंच गई। एसएसपी समेत तमाम अधिकारी पहुंचे और किसी तरह स्थिति संभाली। दोनों पक्षों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। उपद्रव कर रहे आठ लोगों को मौके से पकड़ लिया गया।
सरायइनायत थाना क्षेत्र के सहसों पुलिस चौकी अन्तर्गत बहिरापुर गांव निवासी तीरथ बिन्द सोमवार की रात लगभग 8 बजे सहसों से अपने घर जा रहा था। वह जैसे ही गांव के लालचन्द सोनकर के दरवाजे पहुंचा, वहां जगबंधनपुर गांव के मो. असलम मिल गया। दोनों में पहले से ही कोई विवाद चल रहा था। लाल चंद्र के घर के सामने भी दोनों झगड़ा शुरू हो गया। मारपीट देखकर लाल चंद्र की पत्नी राजकुमारी बीच बचाव करने लगी तो उसे धक्का दे दिया गया। राजकुमारी को चोट लगी तो एक पक्ष से लोग इकट्ठे हो गए। असलम ने फोन कर अपनी तरफ से भी लोगों को बुला लिया। दोनों पक्षों के लोग बड़ी संख्या में जुटे और एक दूसरे पर पथराव शुरू कर दिया। सूचना पर चौकी इंचार्ज मनोज सिंह मौके पर पहुंच गए लेकिन भीड़ देखकर उनके भी हाथ पांव फूल गए।
उन्होंने तुरंत अधिकारियों को सूचना दी। जब थानों की फोर्स पहुंचने लगी तब जाकर उपद्रवी भागे। मौके पर एसएसपी सत्यार्थ अनिरूद्ध पंकज, एसपी गंगापार एनके सिंह, सीओ फूलपुर, सीओ हण्डिया आदि अधिकारी भी पहुंच गए। किसी तरह समझा-बुझा कर दोनों पक्ष के लोगों को शान्त कराया गया।इस दौरान पुलिस ने दोनों पक्ष से आठ लोगों को हिरासत में ले लिया था। 17 लोगों के खिलाफ नामजद और दोनों पक्षों से पच्चीस-पच्चीस अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया। दोनों पक्षों के बीच तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस तैनाती कर दी गई है।
Sahson stonepelting news- फोटो : SIRSA