आचार संहिता खत्म होने के बाद नगर परिषद सिरसा के ईओ अमन ढांडा ने मंगलवार को सभी शाखा के कर्मचारियों की बैठक बुलाई। बैठक में हाउस में पास हुई कुल 900 गलियों में से 502 गलियों के टेंडर लगाने की प्रक्रिया और अमृत प्रोजेक्ट पर चर्चा हुई। ईओ ने एमई शाखा के कर्मचारियों को अगले एक सप्ताह में काम शुरू करने के निर्देश दिए।
नगर परिषद सिरसा ने मार्च 2017 व 26 अगस्त 2018 में हाउस की मीटिंग में कुल 900 गलियों को पास किया था। इन गलियों में से 398 गलियों को नगर परिषद सिरसा ने टेंडर लगा दिया। अब नगर परिषद बाकी बची 502 गलियों को बनाने के लिए भी प्रक्रिया शुरू करने जा रही है। इन 502 गलियों की रिपोर्ट फिजिबल पाई गई है। ऐसे में टेंडर लगाने की प्रक्रिया में कोई अड़चन भी नहीं आएगी। नगर परिषद के ईओ अमन ढांडा ने एमई शाखा के कर्मचारियों को गलियों की रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दे दिए हैं। जिसके बाद एमई शाखा के कर्मचारियों ने इन गलियों का रिकॉर्ड निकालकर सूची बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी।
दो करोड़ के बीटी बिल की राशि मंजूर
स्थानीय शहरी निकाय विभाग ने अमृत योजना के तहत स्टार्म ड्रेनेज सिस्टम प्रोजेक्ट के तहत सड़कों की खुदाई की एवज में आने वाले खर्च की क्षति पूर्ति के लिए दो करोड़ रुपये के बीटी बिल की राशि मंजूर करके पैसा नप के खाते में ट्रांसफर कर दिया है। नप इस पैसे को पीडब्लूडी बीएेंडआर के खाते में जमा करवाएगी। यह पैसा एक दो दिन में पीडब्लूडी के पास चला जाएगा। साथ ही बिजली निगम को भी करीब चार लाख 38 हजार रुपये का बीटी बिल की राशि भी भेज दी जाएगी। क्योंकि प्रोजेक्ट के लिए हिसार रोड पर बिजली निगम की लाइन को शिफ्ट किया जाना है।
बतां दे कि नगर परिषद व जनस्वास्थ्य विभाग का संयुक्त प्रोजेक्ट स्टार्म ड्रेनेज सिस्टम को लेकर नगरपरिषद ने पांच विभागों से एनओसी मांगी हुई है। इसके लिए नगरपरिषद ने सभी पांच विभागों को पत्र जारी किया है। ताकि एनओसी मिलते ही आठ करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले स्टार्म ड्रेनेज सिस्टम का काम शुरू किया जा सकें। नगर परिषद व जनस्वास्थ्य विभाग के इस प्रोजेक्ट के लिए शहर की करीब 6100 मीटर लंबी सड़क की खुदाई की जानी है। शहर के बाल भवन, बस स्टेंड के सामने से इसके लिए पाइप लाइन दबाई जानी है। इसके लिए नगरपरिषद ने नेशनल हाइवे अथारिटी ऑफ इंडिया, पीडब्लूडी, दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम, सिंचाई विभाग से एनओसी मांगी थी। क्योंकि स्टार्म ड्रेनेज सिस्टम की इन विभागों की भूमि से ही पाइप लाइन डाली जानी है।
शौचालयों की मरम्मत का काम शुरू न होने पर ठेकेदार को किया तलब
स्वच्छता अभियान के तहत नप ने शहर में पब्लिक शौचालयों की मरम्मत का टेंडर लगाया था। ठेकेदार को टेंडर पिछले महीने अलॉट किया गया था। लेकिन ठेकेदार ने काम शुरू नहीं किया। इस पर नप सचिव ने ठेकेदार को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए थे। मंगलवार को ठेकेदार सेनेटरी शाखा में पहुंचा। ठेकेदार ने बताया कि त्योहारी सीजन होने के कारण मजदूर नहीं मिल पा रहे थे। उसने कुछ ही दिनों में शौचालयों की मरम्मत का काम शुरू करने का आश्वासन दिया। नप के अधीन शहर में करीब 15, 16 शौचालय है। ट्रेड टावर, जेजे कॉलोनी, सिविल अस्पताल, नेहरू पार्क और डीसी जैन पार्क ऐसे शौचालय है जिनकी दशा खराब है। टेंडर के तहत इन शौचालयों में साबुन, पानी की सुविधा उपलब्ध करवाने, नल और टूटियां ठीक करने का काम ठेकेदार करेगा।
पेंडिंग गलियों के टेंडर लगाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। कर्मचारियों को गलियों की सूची बनाने के निर्देश दिए गए है।
अमन ढांडा, ईओ, नगर परिषद सिरसा।