सिरसा। प्रदेश सरकार ने ग्रामीण परिवारों को शुद्ध सब्जियां और फल उपलब्ध कराने और उन्हें जैविक खेती से जोड़ने के लिए नई योजना शुरू करने का निर्णय लिया है। इस योजना का नाम हर घर फल और हर घर छांव है। इसकी विधिवत शुरुआत हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 21 सितंबर को चौधरी चरण सिंह कृषि विश्वविद्यालय हिसार में कृषि मेले से करेंगे।
योजना के तहत जिले के 34 गांवों को चयनित किया गया है। प्रत्येक गांव में 100 परिवारों को फलदार पौधे और किचन गार्डन बीज किट दी जाएंगी। इस किट में सीजनल सब्जियों के बीज होंगे, जिन्हें नेशनल होर्टिकल्चर रिसर्च फाउंडेशन, सलारूम (करनाल) ने तैयार किया है। बागवानी विभाग के अधिकारियों के अनुसार, किचन गार्डन किट पंचायत घरों में निर्धारित तिथियों को वितरित की जाएगी। किट की कीमत 120 रुपये है। इसमें से सरकार 100 रुपये का अनुदान दे रही है। किसानों को यह किट मात्र 20 रुपये में उपलब्ध कराई जाएगी।
इस प्रकार बांटी जाएगी किट
22 सितंबर - भरोलावाली, ढूकड़ा, जांडवाला बिश्नोईयों, करीवाला
23 सितंबर - बालासर, कर्मगढ़, मलिकपुरा, मीरपुर
24 सितंबर - बरासरी, भारूखेड़ा, जीवननगर, थीराज
25 सितंबर - अहमदपुर, जांडवाला जटान, मसीता, नानुआना
29 सितंबर - छतरियां, गुसाईंयाना, ओढां
30 सितंबर- अमृतसर कलां, अरनियावाली, हरिपुरा
एक अक्तूबर - दौलतपुर खेड़ा, जमाल, नीमला, रोहिड़ावाली
छोटे किसानों को जैविक खेती से जोड़ना है मकसद
सरकार को मुख्य मकसद किसी ने किसी तरह से ग्रामीण आंचल के लोगों को जैविक खेती से जोड़ना है। इससे जहां किसान जैविक खेती की ओर आगे बढ़ेगा। वहीं, उनकी दैनिक जीवन में सब्जियों की पूर्ति होगी। इससे उसका घर खर्च भी कम होगा और शुद्ध सब्जियां उन्हें मिलेगी। इन सब्जियों के देखरेख के लिए परामर्श भी अधिकारी निरंतर देते रहेंगे।
कृषि पखवाड़ा 17 सितंबर से दो अक्तूबर तक चलेगा। पूरे जिले में किसानों को योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। इस योजना का उद्देश्य ग्रामीण आंचल में हर घर को पोषक व जैविक भोजन उपलब्ध करवाना है।
- दीन मोहम्मद, जिला बागवानी अधिकारी, सिरसा।