कालांवाली में सड़क निर्माण करते नगरपालिका कर्मचारी।
कालांवाली। नगरपालिका की तरफ से शहर की कई सड़कों का करीब एक करोड़ नब्बे लाख रुपये की लागत से निर्माण किया जाएगा। निर्माण कार्य करीब तीन माह में पूरा होगा। इससे आमजन को बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी। सड़क निर्माण कार्य को लेकर नगरपालिका प्रशासन ने पुरानी खस्ताहाल सड़क को उखाड़कर काम शुरू कर दिया है।
बता दें कि शहर के बवासीर अस्पताल के पीछे डिवाइडर वाली सड़क का निर्माण, माॅडल टाउन गेट से लेकर पोस्ट आफिस तक, पोस्ट आफिस से लेकर पुराने थाना रोड तक सड़क खस्ताहाल है। इनमें माॅडल टाउन सबसे पाॅश एरिया माना जाता है। माॅडल टाउन में सड़क निर्माण काफी साल पहले किया गया था। वर्तमान में यहां की मुख्य सड़कें काफी खस्ताहाल हैं। जिस कारण आमजन को काफी दिक्कतें पेश आ रही हैं। टूटी व खस्ताहाल सड़क के चलते कई शहरवासी गिरकर घायल भी हो चुके हैं। लेकिन अब सड़क निर्माण कार्य पूरा होने से आमजन को टूटी व खस्ताहाल सड़क से निजात मिलेगी।
सड़क निर्माण को लेकर नपा ने हटाया अतिक्रमण
सड़क निर्माण को लेकर नगरपालिका ने उक्त सड़क पर दुकानों के आगे किए गए अतिक्रमण को पूरी तरह से हटवा दिया है। प्रशासन ने जेसीबी चलकार दुकानों के आगे बने चबुतरों, शौचालयों इत्यादि को तोड़ दिया है। अतिक्रमण हटने से सड़कों की चौड़ाई बढ़ चुकी है। अब सड़क निर्माण से आमजन को काफी बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी।