सिरसा। नगर परिषद की ओर से प्रॉपर्टी टैक्स का सर्वे पूरा किया जा चुका है। अब मूल्यांकन नोटिस वितरण का काम शुरू किया है। इसके लिए शहर में 30 टीमों को लगाया गया है। रानियां, ऐलनाबाद और कालांवाली में नोटिस वितरण का काम पूरा किया जा चुका है। सिरसा शहर में अब तक 28 हजार से ज्यादा लोगों को नोटिस दिए जा चुके हैं, लेकिन आरएसडी कॉलोनी के सभी लोगों ने नोटिस लेने से इनकार कर दिया है। इसके अलावा अन्य क्षेत्र में लोग नोटिस लेने में भी आनाकानी कर रहे हैं।
दो वर्ष पहले याशी एजेंसी को सरकार ने प्रॉपर्टी सर्वे का काम सौंपा था। एजेंसी ने शहर के साथ-साथ जिले भर के अन्य कस्बों का ड्रोन से सर्वे किया, ताकि प्रॉपर्टी की सही जानकारी रिकॉर्ड में दर्ज हो सके। अब शहर में सर्वे के बाद पता चला है कि करीब 79 हजार प्रॉपर्टी धारक हैं, जिनसे टैक्स वसूला जाना है। अभी तक नगर परिषद सीधा प्रॉपर्टी टैक्स वसूल करती है। लेकिन भविष्य में एजेंसी द्वारा ही टैक्स वसूला जाएगा। इसलिए अब एजेंसी की ओर से मूल्यांकन नोटिस का वितरण किया जा रहा है। लेकिन लोग द्वारा नोटिस लेने में आनाकानी की जा रही है। नोटिस न लेने के लिए तरह-तरह के बहाने बनाए जा रहे हैं। कभी कहा जा रहा है मुखिया घर पर नहीं है, तो कभी ये कहा जाता है तो बाद में आना। इतना ही नहीं शहर के डबवाली रोड स्थित आरएसडी कॉलोनी के तो अधिकतर लोगों ने ही नोटिस स्वीकार करने से इनकार कर दिया है। नप के अधिकारियों का कहना है कि ये नोटिस जरूरी है क्योंकि यदि कोई गलती है तो अभी ठीक कराना आसान है, बाद में समस्या होगी। लेकिन जो नोटिस स्वीकार करने से इनकार कर रहे हैं वहां कर्मचारी घरों, दुकानों के बाहर नोटिस चस्पा कर रहे हैं।
जानिए....कहां, अब तक कितने बंटे नोटिस
कस्बा नोटिस वितरण
सिरसा 28000
डबवाली 3500
रानियां 6500, काम पूरा
कालांवाली 3300, काम पूरा
ऐलनाबाद काम पूरा
त्रुटि दुरुस्त कराने को उमड़ी भीड़, काउंटर स्थापित
मूल्यांकन नोटिस वितरण के बाद जो गलतियां सामने आ रही हैं। उन्हें ठीक करवाने के लिए शहरवासी उमड़ रहे हैं। समस्या लेकर नगर परिषद कार्यालय में लोग आ रहे हैं। इसके लिए नप की ओर से एजेंसी का काउंटर स्थापित किया गया है। यहां प्रतिदिन प्रॉपर्टी टैक्स मूल्यांकन नोटिस में गलतियां को ठीक करवाने का काम किया जा रहा है। यहां आने वाले लोगों का कहना है कि सर्वे के दौरान कागजात देन के बावजूद गलतियां आ रही हैं।
आमजन स्वीकार करें मूल्यांकन नोटिस
ये प्रॉपर्टी टैक्स के सर्वे की रिपोर्ट का मूल्यांकन नोटिस है। इसे स्वीकार करना जरूरी है। तभी आमजन को पता चल सकेगा कि आखिर गलती क्या है। यदि गलती है तो उसे ठीक करवाया जा सकता है। इसी आधार पर भविष्य में प्रॉपर्टी का टैक्स वसूल किया जाएगा। नोटिस स्वीकार करते समय फोटो भी करवाना जरूरी होता है। - संदीप मलिक, कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद, सिरसा