सिरसा में रविवार को सांसद सुनीता दुग्गल के आवास के बाहर प्रदर्शन करतीं महिला कांग्रेस कार्यकर्त
सिरसा। कांग्रेस की महिला कार्यकर्ताओं ने सांसद सुनीता दुग्गल आवास के बाहर सिलिंडर लेकर पहुंची और थाली बजाकर प्रदर्शन किया। महिलाओं ने बढ़ती महंगाई के विरोध में सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष उर्मिल भारद्वाज व ब्लॉक अध्यक्ष पुनीता बलदेव राज ने कहा कि महंगाई के दौर में घर चलाना मुश्किल हो गया है। अब समय आ गया है कि संसद में बैठे सांसदों को जगाया जाए, ताकि 13 मार्च से शुरू हो रहे संसद के सत्र में जनता के हित में महंगाई पर चर्चा हो। आज के दौर में जहां कमाई बहुत कम हो रही है, वहीं खर्चे आसमान छू रहे हैं। सरकार के सभी सांसद जनता के हितों को नकार रहे हैं और जनता की आवाज उठाने के बजाय अपने पार्टी की नीतियों का ढिंढोरा पीट रहे हैं। इस दौरान महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपाई सांसद जागो, सदन में महंगाई पर चर्चा से मत भागो, महंगाई डायन खाए जात है, भाजपाई सांसद मोदी-मोदी गाए जात है, एलआईसी का पैसा जेब के अंदर गरीबों का छीन गया गैस सिलिंडर इत्यादि नारे लगाए। महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रोष स्वरूप बैनर भी एमपी कार्यालय के बाहर टांगा और थाली चम्मच पीट-पीटकर प्रदर्शन किया। इस मौके पर शबनम, गीता रानी, राधा रानी, सरस्वती देवी, उषा रानी, कांता देवी, चंचल रानी, कमलेश रानी, सुरेश देवी, राजकुमारी मौजूद रहे।