सिरसा। नगर परिषद की ओर से प्रॉपर्टी टैक्स वसूला जा रहा है। इसके लिए प्रॉपर्टी आईडी जरूरी है। लेकिन नया सर्वे हो चुका जबकि अभी इसे लागू नहीं किया गया। ऐसे में पुरानी और नई आईडी के चक्कर में शहरवासी परेशान हो रहे हैं। करीब 20 हजार प्रॉपर्टीधारकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वित्त वर्ष समाप्त होने के कारण अब प्रतिदिन 200 से ज्यादा प्रॉपर्टीधारक टैक्स जमा करवाने के लिए नगर परिषद कार्यालय पहुंच रहे हैं। क्योंकि नप की ओर से 31 मार्च से पहले बकाया टैक्स जमा करवाने वालों को 25 फीसदी छूट दी जा रही है। प्रतिदिन नप के अधिकारी दो से ढाई लाख रुपये वसूल रहे हैं।
सालाना प्रॉपर्टी टैक्स हर वर्ष 31 मार्च से पहले जमा करवाना होता है। इसके प्रति आकर्षित करने के लिए नप ने योजना दी है कि जो प्रॉपर्टीधारक 31 मार्च से पहले बकाया टैक्स जमा करवाएगा, उसे 25 फीसदी छूट मिलेगी। इसलिए शहरवासी टैक्स जमा करवाने के लिए नगर परिषद में पहुंच रहे हैं। लेकिन समस्या ये है कि अधिकतर उपभोक्ताओं को प्रॉपर्टी आईडी को लेकर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नप की ओर से प्रत्येक प्रॉपर्टीधारक को आईडी दी गई थी। लेकिन दो साल पहले नया सर्वे कर दिया जिसका मूल्यांकन नोटिस वितरण के बाद अब आपत्ति ठीक करवाने का काम चल रहा है। हालांकि ये आईडी अभी तक पोर्टल पर अपलोड नहीं की हैं। ऐसे में शहरवासी नई प्रॉपर्टी आईडी लेकर नप कार्यालय पहुंच रहे हैं जबकि पिछले वर्षों का टैक्स पुरानी आईडी अनुसार लिया जाएगा। इसलिए नई-पुरानी प्रॉपर्टी आईडी के चक्कर में 20 हजार से ज्यादा शहरवासी परेशान हो रहे हैं।
नई प्रॉपर्टी आईडी 1 अप्रैैल से होगी अपडेट
याशी कंपनी के सुपरवाइजर डूंगरराम ने बताया कि नई प्रॉपर्टी आईडी 1 अप्रैल के बाद विभाग के पोर्टल पर अपडेट होगी। परंतु नगर परिषद द्वारा प्रॉपर्टी टैक्स भरने में दी जा रही छूट का समय 31 मार्च तक का है। अब लोग नई प्रॉपर्टी आईडी के लिए नगर परिषद की प्रॉपर्टी टैक्स ब्रांच के चक्कर लगा रहे हैं। परंतु उनकी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है।
प्रेमनगर की गली नंबर 12 में मेरा मकान है। जबकि मैं अहमदपुर में रहता हूं। एक माह से प्रॉपर्टी आईडी के लिए नगर परिषद के चक्कर लगा रहा हूं, परंतु मुझे प्रॉपर्टी आईडी नहीं बताई जा रही है। अगर प्रॉपर्टी आईडी मिल जाती है तो टैक्स भरा जाएगा।
- देशराज, शहरवासी।
चतरगढ़पट्टी में एक मकान लिया है। प्रॉपर्टी टैक्स भरने का नोटिस प्राप्त हुआ है। परंतु न तो प्रॉपर्टी आईडी दी जा रही है और न ही मकान का नंबर बताया जा रहा है, जिस कारण प्रॉपर्टी टैक्स नहीं भरा जा रहा है। पिछले एक माह से नगर परिषद के चक्कर लगाने को मजबूर हो रहा हूं।
- हरीश, शहरवासी।
नगर परिषद में पुरानी आईडी के आधार पर टैक्स जमा किया जा रहा है। जो नई आईडी है, उसके अनुसार बाद में अगले वर्ष के दौरान टैक्स लिया जाएगा। इसलिए जो भी परेशानियां आ रही हैं। शिकायत आने पर उनका तुरंत प्रभाव से समाधान किया जाएगा।
-संदीप मलिक, कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद, सिरसा।