चोपटा। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) चोपटा में 25 मई को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय शिक्षुता मेले का आयोजन किया जाएगा। इस मेले का मुख्य उद्देश्य युवाओं को रोजगार और कौशल विकास के अवसर उपलब्ध कराना है।
संस्थान के प्रधानाचार्य बुध राम के नेतृत्व में आयोजित इस मेले में विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों के प्रतिनिधि युवाओं का चयन करेंगे। प्लेसमेंट अधिकारी और ग्रुप इंस्ट्रक्टर अमनदीप ने बताया कि निदेशालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार मेला सुबह 9:00 बजे से शुरू होगा।
मेले में रोजगार पाने के इच्छुक युवाओं के लिए कई प्रमुख कंपनियों में अवसर उपलब्ध रहेंगे। इसमें स्वराज इंजन लिमिटेड, मोहाली में 100 पद, मासू ब्रेक्स पैड्स प्राइवेट लिमिटेड, बहादुरगढ़ में 100 पद, और वेलस्प्रिंग यूनिवर्सल प्राइवेट लिमिटेड, बहादुरगढ़ में 82 पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके अतिरिक्त, कोलकाता ब्यूटी पार्लर और दयाराम होसीरी में सिलाई और सौंदर्य तकनीक से जुड़ी नौकरियों के अवसर भी होंगे।
अमनदीप ने बताया कि मेले में भाग लेने के लिए आईटीआई के पासशुदा और अपीयरिंग छात्र-छात्राओं का अप्रेंटिसशिप पोर्टल www.apprenticeship.gov.in पर पंजीकरण अनिवार्य है। सभी इच्छुक अभ्यर्थियों को अपने बायोडाटा और मूल प्रमाण पत्र के साथ सुबह 9:00 बजे तक संस्थान में रिपोर्ट करना होगा। प्रधानाचार्य बुध राम और प्लेसमेंट सेल ने क्षेत्र के युवाओं से आह्वान किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस मेले में शामिल होकर अपने भविष्य को संवारें।