संवाद न्यूज एजेंसी
डबवाली। शहर में सोमवार रात को एक पुलिस कर्मचारी ने तेज रफ्तार गाड़ी से कॉलोनी रोड पर कई वाहन क्षतिग्रस्त कर दिए। घटना के समय कई लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई। इस दौरान एक व्यक्ति ने पुलिस कर्मी पर नशीले पदार्थों की बिक्री का दबाव बनाने का आरोप लगाया। इस मामले में एएसपी ने होमगार्ड को बर्खास्त कर दिया
और निष्पक्ष जांच करवाने का आश्वासन दिया है।
बठिंडा रोड निवासी दिलप्रीत ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी इकबाल उस पर दोबारा नशे का कारोबार शुरू करने का दबाव बना रहा था। दिलप्रीत ने बताया कि वह पहले नशे का धंधा करता था, लेकिन पिछले दो वर्षों से यह काम छोड़ चुका है। जब वह इकबाल की शिकायत करने थाने गया तो पुलिस ने उसे और उसकी पत्नी गगनदीप को हिरासत में ले लिया। आरोप है कि उन्हें थाने में बंद कर दरवाजे को बाहर से कुंडी लगाकर बंद कर दिया गया।
दिलप्रीत के अनुसार, सोमवार को वह रोटी लेने निकला था, तभी पुलिसकर्मी इकबाल ने नशे की हालत में उसकी पत्नी से दुर्व्यवहार किया। विरोध करने पर इकबाल अपनी कार लेकर कॉलोनी रोड की ओर भाग गया और वहां तेज रफ्तार से कई वाहनों को टक्कर मार दी।
घटना के विरोध में दिलप्रीत और उसके साथियों ने थाना शहर के सामने धरना शुरू कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी मयंक मुदगिल मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस प्रशासन ने आरोपी होमगार्ड को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया और निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया।
लोगों ने घेरा पुलिस वाहन कर्मी को निकाला सुरक्षित
घटना के बाद सादी वर्दी में कुछ पुलिसकर्मी आरोपी इकबाल को एक प्राइवेट कार में लेकर कॉलोनी रोड पहुंचे, जहां स्थानीय लोगों और क्षतिग्रस्त वाहनों के मालिकों ने गाड़ी को रोक लिया और इकबाल को बाहर निकालने की मांग की। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और इकबाल को पैदल ही एक अन्य वाहन में सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। मौके पर एएसपी मयंक मुदगिल, डीएसपी रमेश कुमार, थाना शहर प्रभारी शैलेंद्र कुमार, सदर प्रभारी ब्रह्म प्रकाश और महिला थाना प्रभारी कमला सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस प्रशासन ने लोगों को आश्वस्त किया कि कॉलोनी रोड की घटना में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। संबंधित होमगार्ड का एल्कोहल टेस्ट नेगेटिव आया है, फिर भी सभी तथ्यों के आधार पर जांच जारी है।
कॉलर पकड़कर धमकाया, फिर हिरासत में लिया
कालोनी रोड स्थित अन्नपूर्णा मंदिर के पास डॉक्टर से मिलकर लौट रहे कर्ण गोयल की गाड़ी को भी तेज रफ्तार कार ने टक्कर मारी। जब कर्ण ने भरपाई की मांग की तो कुछ पुलिसकर्मियों ने उनका कॉलर पकड़कर धमकाया और थाने में बंद कर दिया। जानकारी मिलने पर कर्ण का भाई गौरव गोयल और शहरवासी थाने पहुंचे और विरोध जताया। पूर्व पार्षद नीलकांत मेहता ने बताया कि घटना के समय वह मौके पर मौजूद थे। उन्होंने कहा कि वाहन की रफ्तार इतनी तेज थी कि अगर कोई व्यक्ति सामने आ जाता तो उसकी जान बचना मुश्किल था। उन्होंने आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। एएसपी ने मामले की उचित जांच का आश्वासन दिया।