सिरसा। डेरा सच्चा सौदा के पूर्व मैनेजर रणजीत सिंह हत्याकांड मामले सुनवाई हाईकोर्ट में होने के मद्देनजर शहर में बीते तीन दिनों से पुलिस बल अलर्ट पर है। शहर के बेगू रोड पर पुलिस की ओर से अधिक सख्ती की गई है। वाहन चालकों से पूछताछ के साथ ही वाहनों की चेकिंग भी की जा रही है। प्रशासन ने शहर में कोई भी अप्रिय घटना न हो पाए, इसके लिए सीआरपीएफ की दो टुकड़ियों को भी तैनात किया गया है।
शुक्रवार को तीसरे दिन भी शहर में अलग-अलग स्थानों पर पुलिस बल अलर्ट रहा। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर नाके लगा आने जाने वाले वाहनों की जांच की। हालांकि इस दौरान पुलिस के हाथ कुछ भी संदिग्ध वस्तु हाथ नहीं लगी। वहीं डेरा क्षेत्र की ओर भी स्थिति सामान्य रही। पुलिस अधीक्षक की ओर से डेरा में श्रद्धालुओं के डेरे में एकत्रित न होने देने को लेकर डेरा प्रबंधकों के साथ बैठक की गई थी। इसके चलते शहर डेरा में इक्का दूक्का श्रद्घालु ही दर्शन करने के लिए पहुंचता हुआ नजर आया। वहीं पुलिस भी लगातार डेरा क्षेत्र में गश्त कर रही है ताकि शरारती तत्वों की ओर से किसी तरह की अप्रिय घटना को अंजाम न दिया जा सके।