हरियाणा प्रभारी अनिल जैन मल्लेकां में पीएम की रैली का जायजा लेने पहुंचे।
- फोटो : Sirsa
ऐलनाबाद हल्के के गांव मलेकां में 19 अक्तूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भाजपा उम्मीदवारों के पक्ष में जनसभा को संबोधित करेंगे। रैली को लेकर जिला पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता प्रंबध किए हैं। शहर में जगह-जगह पुलिस और अर्ध सैनिक बल नियुक्ति किए गए हैं। हर आने जाने वाले वाहनों की चेकिंग की जा रही है। वहीं रैली स्थल पर डाग स्क्वॉयड भी सुरक्षा की जांच कर रहे हैं। रैली को लेकर पुलिस जवानों ने चप्पे-चप्पे पर नजर रखी हुई है। हालांकि शुक्रवार को हुई बारिश से एक बार प्रशासनिक अधिकारी चिंतित हो गए थे। लेकिन बारिश हल्की रही। वहीं पीएम की रैलियों की तैयारी की जायजा लेने के लिए हरियाणा के प्रभारी अनिल जैन भी मल्लेका में पहुंचे और उन्होंने रैली स्थल का निरीक्षण किया। उनके साथ भाजपा जिलाध्यक्ष यतिंद्र सिंह एडवोकेट थे। पीएम का प्लेन सुबह 11 बजे सिरसा एयरफोर्स स्टेशन पर लैंड करेगा। इसके बाद वहां से वे हेलीकाप्टर से मल्लेकां रैली स्थल की उड़ान भरेगा। वे करीब साढ़े 11 बजे रैली को संबोधित करेंगे और जिले की पांच विधानसभा सीटों पर भाजपा उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान की अपील करेंगे। बतां दे कि पीएम नरेंद्र मोदी इससे पहले अक्तूबर 2014 के हरियाणा विधानसभा चुनावों में सिरसा में भाजपा उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार करने के लिए आए थे। तब उन्होंने हुडा सेक्टर में जनसभा में सिरसा वासियों को संबोधित किया था।
ये हैं भाजपा उम्मीदवार
सिरसा विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार प्रदीप रातुसरिया, ऐलनाबाद से पवन बैनीवाल, रानियां से रामचंद्र कंबोज, डबवाली में आदित्य चौटाला और कालांवाली में बलकौर सिंह उम्मीदवार हैं।
सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध : एसपी
जिला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अरुण सिंह ने बताया कि जिला पुलिस के अलावा बाहर से आए हुए पुलिस अधिकारी व जवानों को भी सुरक्षा व्यवस्था में तैनात किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सुरक्षा प्रबंधों को लेकर पुलिस अधिकारी व जवान इस संबंध में रिहर्सल कर चुके हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन के दौरान किये जाने वाले सुरक्षा प्रबंधों को लेकर पुलिस महानिदेशक हरियाणा मनोज यादव व अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक गुप्तचर विभाग हरियाणा अनिल राव भी सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा निर्देश दे चुके हैं जिनकी पूरी तरह से पालना की जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर जहां सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। वहीं यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष प्रबंध किए गए हैं ताकि आम लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
जनसभा स्थल की जांच करते वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक।- फोटो : Sirsa