राष्ट्रीय किसान संगठन के प्रदेशाध्यक्ष जसवीर सिंह भाटी शेरगढ़ के नेतृत्व में एकत्रित हुए किसानों ने डबवाली में सीसीआई द्वारा नरमा-कपास की खरीद न किए जाने से परेशान होकर बुधवार को नई अनाज मंडी के गेट नंबर
एक को ताला जड़ दिया। साथ ही मार्केट कमेटी गेट के सामने दरी बिछाकर धरने पर बैठ गए। प्रदेशाध्यक्ष जसवीर सिंह भाटी ने कहा कि आढ़तियों व सीसीआई के आपसी टकराव में किसान पिस रहा है। किसानों की फसल नहीं बिक रही, इससे किसान बेहद परेशान हैं। उन्होंने कहा कि सीसीआई नरमा-कपास की खरीद पर आढ़तियों को कमीशन नहीं देना चाहती। जिसके चलते उनका आपस में तालमेल नहीं बैठ रहा। जिससे किसानों को परेशानी उठानी पड़ रही है। संगठन से जुड़े किसानों ने सुबह से शाम तक पूरा दिन धरना प्रदर्शन किया और बाद में केंद्र सरकार का पुतला फूंका और सरकार के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की।