फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शर्तिया लड़का होने की दवा देता वैद्य पुत्र समेत काबू

Sat, 01 Apr 2017 12:33 AM IST
amarujala/Sirsa
विज्ञापन
Thug
विज्ञापन
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सूचना के आधार पर जिले के गांव कुस्सर में एक नाड़ी वैद्य के घर पर छापा मारकर शर्तिया लड़का होने की दवा देते हुए उसे और उसके बेटे को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
विज्ञापन

स्वास्थ्य विभाग के डिप्टी सीएमओ डॉ. वीरेश भूषण ने बताया कि कुस्सर निवासी एक व्यक्ति ने सीएमओ सूरजभान कंबोज को शिकायत दी कि गांव का नाड़ी वैद्य सुभाष चंद और उसका बेटा राय साहब उर्फ सुुरेंद्र महिलाओं को शर्तिया लड़का होने की दवा देते हैं। महिला को एक इंजेक्शन लगाया जाता है और एक गोली खाने के लिए दी जाती है। साथ ही दावा किया जाता है कि अगर गर्भ में लड़की है तो इंजेक्शन लगने के बाद उसका लिंग ही बदल जाएगा और शर्तिया लड़का ही पैदा होगा। सीएमओ ने अपने नेतृत्व में एक टीम का गठन किया, जिसमें डिप्टी सीएमओ डॉ. राजेश चौधरी और डॉ. हरसिमरन को शामिल किया गया।

उन्होंने बताया कि सबसे पहले वैैद्य और उसके बेटे पर निगरानी रखी गई। बाद में एक नर्स और एक कर्मचारी को फर्जी पति-पत्नी बनाकर उनके पास भेजा गया। पहले 30 मार्च को दवा देने की बात कही गई, लेकिन बाद में वैद्य ने 31 मार्च को अल सुबह छह बजे दवा लेने के लिए घर बुलाया। दवा की कीमत 1500 रुपये बताई गई।
विज्ञापन


उन्होंने बताया कि इसके बाद फर्जी ग्राहक को पांच-पांच सौ के तीन नोट नंबर नोट कर दिए गए। फर्जी ग्राहक सुबह छह बजे वैद्य के घर पहुंचा और 1500 रुपये वैद्य को दे दिए। वैद्य ने इंजेक्शन लगाकर महिला को एक गोली पकड़ा दी। इस बीच महिला का इशारा मिलते ही टीम ने मौके पर जाकर छापा मारा और वैद्य के कब्जे से तीनों नोट बरामद कर लिए गए। पूछताछ में दोनों पिता-पुत्रों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उनके द्वारा दी गई दवा, इंजेक्शन, सीरींज और नोट डिब्बे में बंद कर पुलिस के हवाले कर दिए।

ऐलनाबाद और कालांवाली में भी करते थे धंधा
पूछताछ में पता चला कि दोनों पिता-पुत्र ऐलनाबाद और कालांवाली में जाकर धंधा करते थे। मंगलवार और वीरवार को ऐलनाबाद में जाकर लड़का होने की दवा दिया करते थे, जबकि कालांवाली में शनिवार को पेट्रोल पंप के पास बैठा करते थे। यहां पर पंजाब से भी महिलाएं इंजेक्शन लगवाने आती थीं। दोनों ने अपना जाल फैलाया हुआ था। लोग उनके पास ग्राहक लेकर आया करते थे।

दवा के नाम पर चूर्ण की गोली और मल्टी विटामिन का इंजेक्शन
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके से जो दवा बरामद की है, इससे पिता-पुत्र शर्तिया लड़का होने का दावा करते थे। असल में यह दवा चूर्ण की गोली और मल्टी विटामिन का इंजेक्शन था। 30 एमएल का यह इंजेक्शन बाजार में  केवल पांच रुपये में मिलता है। इसमें केवल एक एमएल लगाकर 1500 रुपये वसूलते थे।

वैद्य का बेटा फंसाता था ग्राहक
स्वास्थ्य विभाग की टीम को पूछताछ के दौरान पता चला कि वैद्य का पुत्र राय साहब उर्फ सुरेंद्र ग्राहकों को फंसाता था। यही लोगों का बताता था कि उसकी भी बहनें हैं। उसका जन्म भी इसी दवा से हुआ है। वह शर्तिया दावा करता था कि लड़का ही पैदा होगा। डॉ. वीरेश भूषण ने बताया कि राय सिंह ही दावा करता था कि अगर गर्भ में लड़की है तो यह दवा गर्भ में भी उसका लिंग बदल देती है।

दोनों बाप-बेटों के खिलाफ केस दर्ज
इस संबंध में थाना प्रभारी जगदीश जोशी ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दोनों आरोपितों को मौके से गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के खिलाफ केस दर्ज किया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है कि उनका नेटवर्क कहां तक फैला हुआ है और कौन लोग इनके संपर्क में हैं। दोनों से पूछताछ की जाएगी कि कहीं दोनों लिंग जांच के गोरखधंधे में लिप्त तो नहीं हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें