सिरसा। परिवार पहचान पत्र में त्रुटियां दूर करने के लिए प्रशासन की ओर से जिलेभर में 995 बूथों पर शिविर लगाए जाने के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन सच्चाई यह है कि उन बूथों में किसी बूथ पर ताले लटके हैं, तो किसी बूथ पर कक्षाएं चल रही हैं। स्थिति यह है कि प्रशासन की ओर से तैनात किए कर्मचारी सीएससी केंद्रों पर बैठकर त्रुटियों को दूर कर रहे हैं, जिस स्थान की लोगों को जानकारी तक नहीं है।
शहर के अनाज मंडी के पास मॉडल संस्कृति स्कूलों में मुख्य दो बूथ हैं, लेकिन इस बूथ पर परीक्षा चल रही थी। शिक्षकों ने बताया कि उन्हें परिवार पहचान पत्र संबंधित कोई भी शिविर लगने संबंधित जानकारी नहीं हैं। शिक्षकों ने बताया कि पहले भी कई लोग बूथ पर परिवार पहचान पत्र में त्रुटियों को दूर करवाने के लिए आए थे, लेकिन उन्हें वापस भेज दिया गया। शहर के बरनाला रोड स्थित बाल भवन में भी दो मतदान बूथ बने हुए हैं, लेकिन यहां पर ताले लटके हुए मिले। नेशनल कॉलेज में करीब पांच और महिला महाविद्यालय में तीन बूथ हैं। यहां विद्यार्थियों की कक्षाएं चल रही है। लोगों को कैंप संंबंधित जानकारी न होने के कारण उन्हें एक जगह से दूरी जगह पर चक्कर काटने को मजबूर होना पड़ रहा है। शहर के वार्ड पार्षदों को भी इन शिविर के संबंध में कोई भी जानकारी नहीं है।
दो माह पहले भी लगाया गया था तीन दिवसीय शिविर
बता दें कि प्रशासन की ओर से करीब दो माह पहले भी जिले में तीन दिवसीय शिविर लगाया गया था। इस दौरान पोर्टल में खामियां होने, इनकम वेरिफाई न होने, नाम में परिवर्तन न होने सहित कई प्रकार की दिक्कत आई थी। अब फिर से प्रशासन की ओर से बूथों पर तीन दिवसीय शिविर लगाने का दावा किया जा रहा हैं। इसमें जन्म तिथि, दिव्यांग सर्टिफिकेट अपडेट करवाने तथा बिना हस्ताक्षरित परिवार पहचान पत्र संबंधी त्रुटियां दूर की जा रही हैं, लेकिन कर्मचारी किस जगह पर बैठकर त्रुटियां दूर कर रहे हैं। इसकी जानकारी मिलना लोगों की परेशानी का कारण बनी हुई है।
सीएससी केंद्रों पर बैठकर काम करते मिले कर्मचारी
परिवार पहचान पत्र में त्रुटियों को दूर करने के लिए बूथों पर बैठने के बजाय कर्मचारी सीएससी सेंटर पर काम करते हुए नजर आए। यहां पर सरकारी अधिकारी को तैनात किया गया है, जबकि एक सीएससी सेंटर संचालक लिस्ट के अनुसार ही त्रुटियों को दूर करने का काम कर रहे हैं। ऐसे में अन्य लोग त्रुटियों को दूर करवाने के लिए आवेदन तक नहीं कर पा रहे हैं।
एडीसी ने कई केंद्रों का किया निरीक्षण
अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. विवेक भारती ने शनिवार को कालांवाली, ओढां व पन्नीवाला मोटा में पीपीपी में शिविर का निरीक्षण किया और निर्देश दिए। उन्होंने कर्मचारियों से बातचीत कर कार्य की समीक्षा भी की। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा परिवार पहचान पत्र के माध्यम से सभी जरूरी योजनाओं व सेवाओं का सीधा लाभ देना सुनिश्चित किया गया है। इसके लिए लाभपात्रों को चाहिए कि वे अपने परिवार पहचान पत्र संबंधी त्रुटियों को दुरुस्त करवा लें तथा साथ ही परिवार पहचान पत्र को अपडेट अवश्य करवा लें।