बडागुढ़ा। गांव खुईयां नेपालपुर, कर्मगढ़ व पीरखेड़ा के ग्रामीणों ने खुईयां नेपालपुर व कर्मगढ़ के मध्य बने हैचरी फार्म पर ताला लगा कर रोड जाम कर दी। ग्रामीण सड़क के बीचोबीच टेंट लगाकर धरने पर बैठ गए। उनका कहना था कि जब तक उनकी समस्या के हल का ठोस आश्वासन नहीं मिल जाता तब तक वे धरना प्रदर्शन जारी रखेंगे। सूचना के बाद प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड हिसार से एसडीओ, एसडीएम कालांवाली, कानूनगो व बडागुढ़ा थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। काफी देर तक चली बातचीत उपरांत एसडीएम के आश्वासन पर ग्रामीणों ने करीब छह घंटे उपरांत धरना समाप्त कर रोड खोल दिया।
बता दें कि बीते 15 दिन पूर्व भी ग्रामीणों ने हैचरी फार्म के समक्ष धरना प्रदर्शन किया था। इस दौरान प्रदूषण बोर्ड के एसडीओ सुनील श्योराण ने फार्म संचालकों को 15 दिन का शो काज नोटिस जारी किया था। वीरवार को धरना प्रदर्शन में भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष सिकंदर सिंह रोड़ी सहित यूनियन के अन्य सदस्यों ने भी मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों का साथ दिया। जिलाध्यक्ष सिकंदर सिंह ने कहा कि एकजुटता से ही समस्या का समाधान निकलेगा। फार्म के चलते लोगों का सांस लेना भी मुहाल हो रहा है और अधिकारी आश्वासन दे रहे हैं। ग्रामीण इससे पहले तीन बार प्रदर्शन कर चुके है, लेकिन इस बार आश्वासन नहीं कार्रवाई चाहिए। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीण सतवीर सिंह, सुखमंदर सिंह, गुरदीप, प्रभुदयाल, जीतराम, काला सिंह, सुभाष व संदीप कुमार ने बताया कि खुईयां नेपालपुर व कर्मगढ़ के मध्य कुछ लोगों ने हैचरी फार्म खोला हुआ है। यहां से मुर्गियों से फैल रही गंदगी और बदबू के चलते दोनों गांवों में मक्खियों का प्रकोप बढ़ गया है। इसके चलते गांव में बीमारियां फैल रही है। स्थिति ये है कि लोग अपने घरों में कोई भी खाद्य वस्तु न तो बाहर छोड़ सकते और न ही ढंग से खाना खा सकते।
हवा के रुख के साथ फैलती है बदबू
ग्रामीणों ने कहा कि ये हैचरी फार्म साथ लगते कई गांवों के लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। हवा के रूख के साथ बदबू फैलने के कारण लोग रात को सो भी नहीं पाते। ग्रामीण मेजर सिंह, हरदेव सिंह, कृष्णा बाई ने बताया कि वे बीमार रहते है। ऐसे में उन्हें सांस लेना भी दुश्वार साबित हो रहा है। बदबू के कारण उल्टी लग जाती है और रात्रि को ही डॉक्टर बुलाने पड़ते हैं। आंगनबाड़ी केंद्र में हेल्पर का कार्य करने वाली राजकौर ने बताया कि केंद्र में खाना बनाते समय मक्खियों की भरमार हो जाती है। हैचरी फार्म के नजदीक ढाणियों में रहने वाले लोगों ने कहा कि उनके लिए खेतों में कार्य करना भी मुश्किल साबित हो रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि निर्माण करते समय लोगों को ये कहा गया था कि यहां पर बीज कंपनी लगेगी। उन्हें क्या पता था कि ये इमारत लोगों के लिए परेशानी का सबब बन जाएगी। उन्हें असलियत का तब पता चला जब इमारत में मुर्गियां लाई गईं।
अधिकारी बोले: फार्म संचालक को 20 मई को दिया जा चुका है नोटिस
प्रदर्शन की सूचना के बाद एसडीएम कालांवाली जयवीर यादव, हरियाणा प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड हिसार के एसडीओ कपिल श्योराण, कानूनगो हरीश कुमार व बडागुढ़ा थाना प्रभारी जयभगवान मौके पर पहुंचे। एसडीएम ने स्वयं हैचरी फार्म का निरीक्षण करते हुए स्थिति बारे जाना। ग्रामीणों ने अधिकारियों को पूरी समस्या बारे अवगत करवाते हुए कहा कि ये हैचरी फार्म बंद होना चाहिए। एसडीएम ने एसडीओ कपिल को विभागीय कार्रवाई करने के निर्देश दिए। एसडीओ ने एसडीएम को अवगत करवाया कि फार्म संचालक को 20 मई को शो काज नोटिस दिया हुआ है। सोमवार को फार्म संचालक को फार्म बंद करने का नोटिस जारी कर दिया जाएगा। एसडीएम के इस आश्वासन के बाद ग्रामीण करीब 6 घंटे बाद रोड खोलते हुए लौट गए।
ग्रामीणों की मक्खियों व बदबू को लेकर शिकायत है। ये कार्य प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड का है। मौके पर मौजूद विभाग के एसडीओ को निर्देश दे दिए गए हैं कि सोमवार को हैचरी फार्म संचालक को फार्म बंद करने का नोटिस जारी करें। इस कार्य में 10-15 दिन का समय और लग सकता है। इस मामले में उपायुक्त से बातचीत कर संबंधित विभाग के उच्चाधिकारियों को स्थिति से अवगत करवा दिया जाएगा। - जयवीर यादव, एसडीएम, कालांवाली।
बॉक्स फार्म संचालक को पहले शो काज नोटिस जारी किया गया था। 5 जून को इस नोटिस की अवधि पूरी हो जाएगी। जिसके बाद हम फार्म को बंद करने का नोटिस जारी कर देंगे। इस मामले बारे उच्चाधिकारियों को अवगत करवा दिया गया है। - कपिल श्योराण, एसडीओ, प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड हिसार।