order canceled of mask and senitizer
- फोटो : Sirsa
हरियाणा रोडवेज विभाग ने अभी तक जो मास्क तथा सेनिटाइजर का ऑनलाइन ऑर्डर दिया हुआ था, जो ऑर्डर कंपनी ने रद्द कर दिया है। जिसको लेकर कर्मचारियों ने रोष भी जताया तथा अपने स्तर पर रोडवेज कर्मचारियों को मास्क भी बांटे। कोरोना के कहर से बचने के लिए लोगों की मेडिकल स्टोर पर लाइनें लग रही हैं, लेकिन किसी भी स्टोर पर सेनिटाइजर उपलब्ध नहीं है।
हरियाणा रोडवेज महाप्रबंधक ने बीते बुधवार को बताया था कि उन्होंने एक हजार मास्क तथा सेनिटाइजर का ऑर्डर किया हुआ है। जबकि शुक्रवार तक कोई भी मास्क अथवा सेनिटाइजर रोडवेज विभाग में नहीं पहुंचा है। रोडवेज कर्मचारियों में तालमेल कमेटी के सदस्यों ने मास्क का प्रबंध कर सभी कर्मचारियों को मास्क बांटे। तालेमेल कमेटी के प्रधान रामकुमार चुरनियां ने बताया कि रोडवेज विभाग ने कर्मचारियों की सुविधा के लिए कोई कदम नहीं उठाया है, जबकि रोडवेज का कर्मचारी सबसे ज्यादा लोगों के संपर्क में आ रहा है। लेकिन उसके लिए कोई व्यवस्था नहीं की गई है। जिससे कर्मचारी अपने ही स्तर पर इंतजाम करने में जुटे हुए हैं। रामकुमार चुरनियां ने बताया कि रोडवेज महाप्रबंधक ने जो इस पर ब्यान दिया वह बहुत ही गलत है। क्योंकि रोडवेज कर्मचारियों की पूरी जिम्मेदारी रोडवेज महाप्रबंधक की है।
ऑनलाइन एक हजार मास्क और सेनिटाइजर किए थे ऑर्डर
रोडवेज महाप्रबंधक ने बीते सोमवार को कोरोना वायरस को लेकर स्थिति देखते हुए ऑनलाइन एक हजार मास्क तथा सेनिटाइजर ऑर्डर किए थे। लेकिन महाप्रबंधक ने बताया कि शुक्रवार को ऑनलाइन कंपनी ने कहा कि उनके पास मास्क तथा सेनिटाइजर खत्म हो चुके हैं। इस कारण वह मास्क तथा सेनिटाइजर नहीं भेज सकते।
मेडिकल स्टोर पर लग रही भीड
शहर में मेडिकल स्टोर पर मास्क तथा सेनिटाइजर लेने की होड़ सी लगी हुई है। लेकिन किसी भी मेडिकल संचालक के पास मास्क तथा सेनिटाइजर उपलब्ध नहीं है। जिस कारण लोगों को निराश होकर लौटना पड़ रहा है। शहर के एक मेडिकल संचालक ने बताया कि उन्हें ऑर्डर पर केवल छह ही सेनिटाइजर मिलते हैं। इससे ज्यादा वह नहीं लेकर आ सकते।
मास्क तथा सेनिटाइजर का ऑर्डर रद्द हो गया है। अगर किसी के पास मास्क तथा सेनिटाइजर है तो वह रोडवेज को उपलब्ध करवा दें। इसके पैसे वह खुद देंगे। यात्रियों के लिए सभी बसें सेनिटाइज की जा रही है।
-केआर कौशल, महाप्रबंधक, हरियाणा रोडवेज सिरसा।