भाग सिंह को स्मृति चिन्ह भेंट करते हुए शाखा प्रबंधक।
- फोटो : Sirsa
देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा चलाई गई मुहिम के तहत हरियाणा प्रदेश के गांव पिपली को दूसरा डिजिटल गांव घोषित किया गया। डिजिटल गांव का उद्घाटन भारतीय स्टेट बैंक वित्तीय समावेशन और सूक्ष्म व्यवसाय पटियाला चंडीगढ़ मंडल के महाप्रबंधक सुभाष जोनवाल ने वीडियो कॉफ्रेंसिंग के माध्यम से किया। इस मौके पर पिपली गांव के सरपंच शाम लाल शर्मा व अन्य ग्रामवासी मौजूद थे।
कार्यक्रम में मौजूद भारतीय स्टेट बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक भाग सिंह ने गांववासियों से अनुरोध किया कि वे अधिक से अधिक डिजिटल उत्पादों का प्रयोग करें और आवश्यकता पड़ने पर ही बैंक में आएं। उन्होंने उपस्थित लोगों को बैंक द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी उपलब्ध करवाई तथा छोटे दुकानदारों, किसानों व व्यवसायियों को अलग-अलग योजनाओं के तहत लाभ उठाने का मार्गदर्शन दिया। उन्होंने आमजन से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 22 मार्च, रविवार के जनता कर्फ्यू आह्वान को भी सफल बनाने की अपील की ताकि कोरोना जैसी महामारी से निपटा जा सके। पिपली के शाखा प्रबंधक एसके वर्मा ने बताया कि भारत सरकार के डिजिटल इंडिया इनीशिएटिव को सफल बनाने के लिए भारतीय स्टेट बैंक द्वारा इस पहल को अंजाम दिया गया। आने वाले समय में और भी गांवों को डिजिटल बनाने का प्रण लिया। उन्होंने उपस्थित लोगों का कार्यक्रम में पहुंचने का आभार व्यक्त किया तथा सरकार व बैंक द्वारा चलाई गई मुहिम का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में पहुंचने वाले लोगों को कोरोना वायरस के लिए भी सचेत किया गया तथा सेनिटाइजर से हाथ धुलवाकर लोगों को कोरोना के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर गांववासियों ने गांव को डिजिटल करने के लिए भारतीय स्टेट बैंक का धन्यवाद किया। इस दौरान पिपली को प्लास्टिक मुक्त गांव बनाने के लिए लोगों को जागृत किया गया। पिपली शाखा की ओर से सेनिटाइजर भी वितरित किए गए।