सिरसा। ऑटो मार्केट में सस्ते दाम पर डीजल बेचने की शिकायत पर खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की टीम ने छापा मारा। लेकिन यहां पर डीजल की बजाए पुराना मोबिल और ग्रीस की पैकिंग कर उन्हें नई बोतलों में भरकर मार्का लगाए जाने की प्रक्रिया चल रही थी। टीम ने जब इसके संबंधित दस्तावेजों की मांग की तो संचालकों के पास कोई भी दस्तावेज नहीं मिल पाया। जिसके बाद टीम ने संबंधित विभाग में शिकायत दी है। वहीं खाद्य आपूर्ति विभाग की टीम ने यहां पर अवैध रूप से गाड़ियों में गैस भरने की एक मोटर व सिलिंडर भी जब्त किया है।
बीते सोमवार को खाद्य एवं आपूर्ति विभाग एएफएसओ संदीप कुमार को सूचना मिली थी की ऑटो मार्केट स्थित दुकान नंबर 69 गुप्ता सेल्स कारपोरेशन में सस्ते दाम पर डीजल बेचा जा रहा है। उन्होंने इंस्पेक्टर ऋषिकांत भाटिया व सब इंस्पेक्टर अंग्रेज को मौके पर दबिश देने के निर्देश दिए। टीम ने मौके पर पहुंचकर छापा मारा। इस दौरान हजारों लीटर मोबिल ऑयल व ग्रीस ड्रमों में मिला। वहीं मोबिल और ग्रीस के नए डिब्बे और उन पर मार्का लगाने के लिए स्टीकर भी बरामद हुए। जिसके बाद टीम ने दुकानदार से दस्तावेजों की मांग की। लेकिन संचालक ने कोई भी दस्तावेज टीम को नहीं दिखाया। हालांकि खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकार क्षेत्र में मोबिल और ग्रीस न आने के कारण उन्होंने इसके संबंधित विभाग को मामले की सूचना दी है। हालांकि टीम ने जांच की तो यहां कई गैस सिलिंडर व मोटर भी बरामद हुई।
संबंधित विभाग करेगा आगामी कार्रवाई
कार्रवाई के दौरान टीम को डीजल की बरामदगी नहीं हो पाई। हालांकि छापे के दौरान दुकानदार कंपनी के स्टीकर और अन्य सामान को वहां से इधर-उधर करने लगे। जिसके बाद टीम ने सैंपल के तौर पर स्टीकर भी लिए है। संदेह जताया जा रहा है कि जिस स्थान पर टीम ने कार्रवाई की वहां नकली मोबिल ऑयल और ग्रीस बनाने का किया जा रहा था।
हमारे अधिकार क्षेत्र में अवैध रूप से गैस सिलिंडर रखने तक का मामला आता था। मोबिल ऑयल व ग्रीस बरामदगी के संबंध में उच्च अधिकारियों को पत्र लिखा गया है। इसके बाद जिस भी संबंधित विभाग की कार्रवाई बनेगी, वही आगे की कार्रवाई दुकान संचालक के खिलाफ करेगा।
-ऋषिकांत भाटिया, इंस्पेक्टर, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग, सिरसा।
नवरात्र पर्व में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता को लेकर प्रशासन अलर्ट, फूड एंड सेफ्टी अधिकारी ने लिए सैंपल
सिरसा। जिला प्रशासन की ओर से नवरात्र पर्व के पावन अवसर पर जिले में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष नजर रखी जा रही है। प्रशासन का पूरा फोकस है कि किसी भी रूप से बिना गुणवत्ता की खाद्य सामग्री लोगों तक न पहुंचे इसके लिए उपायुक्त अजय सिंह तोमर के निर्देशानुसार विभाग की जांच टीम ने मंगलवार को शहर में विभिन्न दुकानों पर खाद्य सामग्री के सैंपल लिए।
उपायुक्त ने बताया कि नवरात्र पर्व पर आमजन के स्वास्थ्य के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा का ध्यान रखते हुए प्रशासन द्वारा सतर्कता रखी जा रही है। उन्होंने जिला वासियों से आह्वान किया कि वे नवरात्र पर्व के इस पावन अवसर पर व्रत के दौरान कुट्टू का नकली व खराब आटा बेचने वालों से सावधान रहें। जिला प्रशासन द्वारा जिले में अनेक दुकानों से कुट्टू के आटे के सैंपल भी लिए हैं और जांच की जाएगी, यदि सैंपल फेल पाए गए तो संबंधित दुकानदार के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य स्वास्थ्य सुरक्षा अधिकारी सुरेंद्र पुनिया ने संबंधित कर्मचारियों के साथ दुकानों पर पहुंचकर आटे के सैंपल लिए। साथ ही दुकानदारों को नवरात्र के अवसर पर पुराना हो चुका कुट्टू का आटा नहीं बेचने के निर्देश भी दिए। उन्होंने व्रत रखने वालों को भी उपवास के दौरान खानपान में एहतियात बरतने की सलाह दी है।
विभाग की ओर से की गई छापा मार कार्रवाई के दौरान बरामद किए गए सिलिंडर।- फोटो : Sirsa
विभाग की ओर से की गई छापा मार कार्रवाई के दौरान दुकान पर उपस्थित अधिकारी और कर्मचारी।- फोटो : Sirsa