सिरसा। डबवाली और ऐलनाबाद से सिरसा नागरिक अस्पताल में पहुंच पेंशन के लिए मेडिकल करवाने वाले बुजुर्गों के लिए अच्छी खबर है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से अब डबवाली और ऐलनाबाद अस्पताल में भी हर वीरवार को कैंप लगाकर बुजुर्गों का मेडिकल सर्टिफिकेट तैयार करने का कार्य किया जाएगा। इसके लिए डॉक्टरों की टीम को नियुक्त कर दिया है।
कोरोना काल के चलते लंबे समय से बुजुर्गों की पेंशन के आवेदकों का मेडिकल जांच का कार्य सब डिविजन स्तर पर बंद किया गया था। स्वास्थ्य विभाग ने इसे फिर से शुरू कर दिया है। सिरसा के नागरिक अस्पताल के अलावा अब डबवाली व ऐलनाबाद के अस्पतालों में भी बुजुर्गों की पेंशन के लिए समाज कल्याण विभाग में ऑनलाइन आवेदन करने वाले आवेदकों की हर वीरवार को स्पेशल कैंप आयोजित कर जांच होगी। चिकित्सकों की टीम की ड्यूटी लगा दी गई है। वहीं दिव्यांग आवेदकों की मेडिकल जांच के लिए भी सिरसा के अलावा डबवाली अस्पताल में सुविधा शुरू हो गई है। दिव्यांग आवेदकों के लिए हर बुधवार को कैंप आयोजित किए जाते हैं।
एक्स-रे के लिए बोर्ड कर रहा मंथन
पेंशन के लिए आवेदन करने वालों की जांच के लिए अगर एक्स-रे की जरूरत पड़ी तो उनके लिए अलग से सुविधा किए जाने पर मंथन किया जा रहा है। अनेक आवेदकों के पास आयु संबंधित प्रमाणपत्र नहीं होता, ऐसे में मेडिकल बोर्ड उनकी अनुमानित उम्र तय करता है, जिसके बाद पेंशन के आवेदन को स्वीकृत या अस्वीकृत किया जा सकता है।
जिले में सब डिविजन स्तर पर भी वृद्धावस्था पेंशन बनवाने के कैंप शुरू कर दिए गए हैं। जिन आवेदकों के समाज कल्याण विभाग में आवेदन किया होगा, उन्हीं की मेडिकल जांच होगी। सिरसा के अलावा डबवाली व ऐलनाबाद अस्पताल में मेडिकल जांच हर वीरवार को होगी।
- डॉ. मनीष बांसल, सिविल सर्जन, सिरसा।