ओमिक्रॉन पर सख्त हुआ स्वास्थ्य विभाग
नागरिक अस्पताल में 10 बेड का नया आईसीयू शुरू, जरूरत पड़ने पर बढ़ेगी क्षमता
पीएमओ ने अस्पताल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य कर्मचारियों को दिए निर्देश
सभी कर्मचारियों को मास्क लगाने, वर्दी में रहने और कोरोना के लिए जारी नियमावली का पालन करने के निर्देश
ऑक्सीजन प्लांट भी अभी तक नहीं हो पाया शुरू, दो सिलिंडर बदलने के दिए निर्देश, कंपनी को लिखा पत्र
सिरसा। कोरोना के नये रूप ओमिक्रॉन को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। नागरिक अस्पताल में 10 बेड का नया आईसीयू शुरू कर दिया गया है। जरूरत पड़ने पर इसमें बिस्तरों की संख्या बढ़ाई जाएगी। कोरोना नियमों का पालन करवाने के लिए विभाग की ओर से निर्देेश आए हैं। लेकिन आम जनता को नियम लागू करवाने से पहले स्वास्थ्य कर्मचारियों को निर्देश जारी किए गए। बुधवार को अस्पताल के पीएमओ डॉ. मनजीत सिंह ने कैंपस का निरीक्षण किया और सभी कर्मचारियों को निर्देश जारी किए। अभी तक अस्पताल में स्थापित नया ऑक्सीजन प्लांट चालू नहीं हो पाया है।
कोरोना के नया स्ट्रेन आने की आशंका फिर है। इसलिए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। आवश्यक बदलाव किए जा रहे हैं। आमजन को निर्देश दिए है कि मास्क का प्रयोग करें और सामाजिक दूरी नियम का भी पालन करें। लेकिन इससे पहले ये नियम स्वास्थ्य कर्मचारियों के लिए लागू करना जरूरी है। इसलिए पीएमओ डॉ. मनजीत ने बुधवार को नागरिक अस्पताल के विभिन्न वार्डों, ओपीडी और अन्य कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मचारियों को निर्देश दिए कि सभी कर्मचारी वर्दी में रहें और मास्क का प्रयोग जरूर करें। क्योंकि जब तक हम स्वयं इन नियमों का पालन नहीं करेंगे, तब तक हम दूसरों को ना तो प्रेरित कर पाएंगे और ना ही निर्देश दे पाएंगे। नियमों की सख्ती से पालन करवाने के लिए भी पहले स्वयं को सख्त होना पड़ेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द बदलाव नहीं हुआ तो कार्रवाई भी की जाएगी।
--
ट्रामा सेंटर में नया आईसीयू तैयार, 10 बेड की है क्षमता
कोरोना कॉल के दौरान स्वास्थ्य विभाग ने नागरिक अस्पताल में नया आईसीयू स्थापित करने की योजना पर काम शुरू किया। करीब 2 करोड़ रुपये की लागत से काम होने थे। अब करीब 6 माह की देरी से आईसीयू बनकर तैयार हो गया है। इसे शुरू कर दिया है और यहां सभी मशीनें भी लगा दी गई है। अभी तक नागरिक अस्पताल की प्रथम मंजिल पर स्थित सर्जिकल वार्ड में कोरोना वार्ड चलाया जा रहा था, लेकिन इसे अब नये आईसीयू में शिफ्ट कर दिया है। अभी फिलहाल आईसीयू की क्षमता 10 बेड की है लेकिन अधिकारियों का दावा है कि जरूरत पड़ने पर इसकी क्षमता बढ़ाई जाएगी।
--
ऑक्सीजन प्लांट नहीं हो पाया शुरू, अस्पताल प्रशासन ने कंपनी को लिखा पत्र
कोरोना की दूसरी लहर के दौरान ऑक्सीजन की किल्लत का सामना करना पड़ा। ऐसे में केंद्र सरकार के आदेश पर स्वास्थ्य विभाग ने नागरिक अस्पताल में नया ऑक्सीजन प्लांट स्थापित करने का फैसला किया। प्लांट स्थापित कर दिया गया लेकिन तकनीकी समस्याओं के कारण शुरू नहीं हो पाया। ट्रायल के दौरान ऑक्सीजन की शुद्धता खरी नहीं उतरी। ऐसे में पहले बिजली कनेक्शन, बाद में स्टेबलाइजर और फिर नया ट्रांसफार्मर भी स्थापित कर दिया गया। इसके बावजूद अभी तक इसकी सेवाएं शुरू नहीं हो पाई हैं और प्लांट पर ताला ही लटका है। अधिकारी बताते हैं कि जीयो लाइट के कारण दिक्कत है और दोनों सिलिंडर बदलने की जरूरत है। इसलिए अस्पताल प्रशासन ने एजेंसी को पत्र लिख दिया है। बताया जा रहा है कि सिलिंडर बदले जाने हैं लेकिन सामान्य गुजरात से आना है, इसलिए देरी हो रही है।
---
नया आईसीयू शुरू हो गया है, ऑक्सीजन प्लांट भी जल्द होगा शुरू : पीएमओ
कोरोना संक्रमण का खतरा है, इसलिए सभी आमजन से अपील है कि मास्क, सामाजिक दूरी नियमो का पालन करें। नागरिक अस्पताल के कर्मचारियों को भी हिदायतें दी गई हैं और अस्पताल का मैंने निरीक्षण किया है। अस्पताल के ट्रामा सेंटर में बने नये आईसीयू को शुरू कर दिया गया है। अब ऑक्सीजन प्लांट को भी जल्द शुरू करवा देंगे।
-डॉ. मनजीत सिंह, पीएमओ, नागरिक अस्पताल, सिरसा।