संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। जिले में रविवार को पांच परीक्षा केंद्रों पर नीट की परीक्षा होगी। इन केंद्रों पर 2038 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इसको लेकर सुरक्षा और व्यवस्थाओं का जायजा अतिरिक्त उपायुक्त लक्षित सरीन ने लिया। उन्होंने कहा कि नीट परीक्षा के सफल आयोजन को लेकर प्रशासन सतर्क है।
इस दौरान एएसपी उत्तम, डीएसपी आदर्शदीप सिंह व अन्य प्रशासनिक अधिकारीगण भी मौजूद रहे। इससे पहले अतिरिक्त उपायुक्त ने अधिकारियों के साथ बैठक कर नीट परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था व परीक्षा देने वाले उम्मीदवारों की सुविधाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
एडीसी ने निरीक्षण के दौरान परीक्षा कक्षों, प्रवेश द्वार, सीसीटीवी कैमरों और नियंत्रण कक्षों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं। केंद्र के आसपास और भीतर किसी भी अनधिकृत व्यक्ति को प्रवेश नहीं दिया जाए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सुविधा और निष्पक्ष परीक्षा संचालन जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
पुलिस द्वारा परीक्षा केंद्रों पर विशेष निगरानी की जाए। परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश केवल वैध प्रवेश पत्र और आईडी के साथ ही संभव हो। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्र पर मूलभूत सुविधाएं, बिजली, पंखे, जैमर, पेयजल, शौचालय और साफ-सफाई सहित अन्य उचित व्यवस्था के प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं।
जांच के बिना कोई विद्यार्थी परीक्षा केंद्र में न करें एंट्री
एडीसी ने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर आने वाले विद्यार्थियों की जांच के बाद ही उन्हें प्रवेश की अनुमति दी जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी तरह का इलेक्ट्रॉनिक सामान केंद्र के अंदर न जाए। तलाशी टीम इस बात को सुनिश्चित करें कि परीक्षार्थी और स्कूल स्टाफ मोबाइल सहित कोई भी प्रतिबंधित वस्तु भीतर न ले जाएं।
-
सुबह 11 बजे शुरू होगी परीक्षा केंद्र में एंट्री
एडीसी ने कहा कि रविवार को उम्मीदवारों की एडमिट कार्ड में दिए गए निर्देशानुसार सुबह 11 बजे से दोपहर डेढ़ बजे तक परीक्षा केंद्र में एंट्री होगी। डेढ़ बजे परीक्षा केंद्र के गेट क्लोज हो जाएंगे। उन्होंने बताया कि सामान्य परीक्षार्थियों के लिए दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक और दिव्यांग परीक्षार्थियों के लिए शाम छह बजे तक परीक्षा समय रहेगा। उन्होंने कहा कि परीक्षार्थी निर्धारित प्रवेश समय अवधि पर पहुंचें, ताकि बाद में उन्हें कोई दिक्कत का सामना न करना पड़े।
-
ये प्रतिबंधित वस्तुएं न ले जाएं परीक्षार्थी
उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र के अंदर निम्नलिखित वस्तुएं ले जाने की अनुमति नहीं है। कोई भी स्टेशनरी वस्तु जैसे पाठ्य सामग्री (मुद्रित या लिखित), कागज के टुकड़े, पेंसिल बॉक्स, प्लास्टिक पाउच, कैलकुलेटर, स्केल, राइटिंग पैड, पेन ड्राइव, इरेजऱ, कैलकुलेटर, लॉग टेबल, इलेक्ट्रॉनिक पेन/स्कैनर आदि। इसी तरह मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, ईयरफ़ोन, माइक्रोफोन, पेजर, हेल्थ बैंड, वॉलेट, चश्मा, हैंडबैग, बेल्ट, टोपी, घड़ी, कंगन व कैमरा आदि ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा। वहीं उम्मीदवार कोई आभूषण, कोई भी खुली या पैक की हुई खाद्य सामग्री आदि भी परीक्षा केंद्र में नहीं ले जा सकेंगे। किसी कैंडिडेट के पास केंद्र के अंदर कोई प्रतिबंधित वस्तु पाई जाती है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।