गोरीवाला (सिरसा)। अबूबशहर के पास राजस्थान कैनाल के पुल पर मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने एक युवक से हाथापाई कर दो लाख 40 हजार रुपये की नकदी लूटकर मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने अब मामले की शिकायत पुलिस को दी है। पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाली।
गांव अहमदपुर दारेवाला का पृथ्वीराज गांव में ही क्लीनिक चलाता है, जिसका पैतृक गांव आसाखेड़ा है। वह अहमदपुर दारेवाला से दो लाख 40 हजार की नकदी थैले में डालकर मोटरसाइकिल से कालूआना से होते हुए आसाखेड़ा जा रहा था। राजस्थान कैनाल के पुल पर मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने उसे रोक लिया। पंजाबी भाषा में साबूआना गांव जाने का रास्ता पूछा। युवक ने उन्हें रास्ता बताने के लिए मोटरसाइकिल रोका। इस पर एक युवक ने युवक के मोटरसाइकिल के पास आकर उसका हाथ पकड़कर मुक्के मारने शुरू कर दिए और नकदी का थैला लेकर दोनों बदमाश वहां से फरार हो गए। किसी तरह वह अपने गांव आसाखेड़ा पहुंचा। उसने घर जाकर अपने साथ घटित घटना के बारे में परिजनों को बताया। परिजनों ने पुलिस को इस घटना के बारे में जानकारी दी।
पृथ्वीराज के बयान के आधार पर लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। घटनास्थल पर पहुंचकर जानकारी जुटाई गई है। बदमाशों की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। अजीत सिंह, जांच अधिकारी, डबवाली थाना ।