संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। जिले में रविवार को आई तेज आंधी और बारिश के बाद सोमवार को मौसम साफ रहा। आंधी के कारण कालांवाली, रोड़ी और डबवाली क्षेत्रों में 60 से अधिक पोल गिर गए, जबकि कई स्थानों पर ट्रांसफार्मर भी क्षतिग्रस्त हो गए। सोमवार को दिनभर बिजली निगम के कर्मचारी क्षतिग्रस्त लाइनों और पोलों की मरम्मत में जुटे रहे। कड़ी मशक्कत के बाद शाम तक बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई।
डबवाली अनाज मंडी में एक बड़ा पेड़ दीवार पर जा गिरा, वहीं सुकेरा खेड़ा और गंगा गांव में भी खंभों में दरारें देखी गईं। कई स्थानों पर पेड़ टूटकर सड़कों पर गिर गए, जिससे कुछ देर के लिए जाम के हालात बन गए। वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जिन खंभों में दरारें आई हैं, वहां घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया है। खासकर रेतिली मिट्टी वाले क्षेत्रों में खंभे ज्यादा गिरे हैं।
सोमवार दोपहर को कुछ समय तक आसमान में बादल छाए, लेकिन बाद में धूप निकल आई। जिले का अधिकतम तापमान 39 डिग्री दर्ज रहा। मौसम विभाग के अनुसार 15 मई तक जिला में बारिश होने के पूरे आसार हैं। इस दौरान आसमान में बादल छाए रहेंगे और एक या दो बार बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ेंगी।
शिकायत केंद्र में बजती रही फोन की घंटियां
ग्रामीण क्षेत्र में जहां रेतीली मिट्टी है, वहां पर खंभे ज्यादा डैमेज हुए। बिजली सप्लाई बंद होने से घरों में रखे इनवर्टर व बैटरी भी सीटी मार गए। लोग दिनभर बिजली निगम के कंट्रोल रूम में फोन करके बिजली सप्लाई के बारे में पूछते रहे।
आंधी के कारण बिजली निगम के 60 से अधिक पोल नीचे गिर गए थे। कर्मचारियों ने सोमवार को दिनभर सभी पोल ठीक कर बिजली सप्लाई बहाल कर दी। जो पोल टूटे हैं उनकी मरम्मत की जाएगी। - राजेंद्र कुमार सभरवाल,एसई सिरसा।
आंधी के कारण दीवार पर गिरा पेड़। संवाद