डबवाली। चौटाला चौकी पुलिस ने 10 ग्राम चिट्टा तस्करी के मामले में दो साल से वांछित कखांवाली श्री मुक्तसर साहिब पंजाब निवासी मुख्य सप्लायर संदीप उर्फ सीपा को काबू किया है। थाना प्रभारी आनंद कुमार ने बताया कि 13 दिसंबर 2023 को सीआईए कालांवाली स्टाफ में तैनात एएसआई राजेंद्र प्रसाद ने गांव लोहगढ़ से स्थानीय निवासी आरोपी विनोद कुमार लोहगढ़ को काबू किया था। उसकी तलाशी के दौरान 10 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ था। इसलिए आरोपी के खिलाफ थाना सदर में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज कर जांच शुरू की गई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह आरोपी संदीप उर्फ सीपा से चिट्टा खरीदकर लाया था। पुलिस ने दो साल बाद आरोपी सप्लायर संदीप को गिरफ्तार किया है।
हेरोइन तस्करी मामले में वांछित असल तस्कर काबू
कालांवाली। थाना पुलिस ने 25.06 ग्राम हेरोइन तस्करी के मामले में असल तस्कर को काबू किया है। जांच अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि 18 अगस्त को सीआईए स्टाफ कालांवाली टीम में तैनात एएसआई मनोहर लाल ने अपनी टीम के साथ सूचना के आधार पर गांव पिपली से आरोपी जगमालवाली निवासी सतगुरु उर्फ सत्तू को 25.06 ग्राम हेरोइन सहित काबू किया था। आरोपी सतगुरु उर्फ सत्तू ने पूछताछ में बताया कि उसने यह हेरोइन जगमालवाली निवासी आरोपी लाभ सिंह उर्फ लाभा से खरीदी थी। अब इस मामले के आरोपी लाभ सिंह को काबू कर लिया गया।