15 मार्च को जारी होनी थी सीटों की सूची, योजना के तहत अब तक नहीं भरा गया एक भी आवेदन
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। चिराग योजना के तहत निजी स्कूलों में विद्यार्थियों के दाखिल होने है। शेड्यूल के अनुसार 31 मार्च दाखिले के लिए आवेदन का अंतिम दिन है, लेकिन अभी तक शिक्षा निदेशालय की ओर से स्कूलों में सीटों की संख्या की सूची ही नहीं भेजी है। वहीं, शिक्षा विभाग को भी नहीं पता कि किस स्कूल ने चिराग योजना के तहत दाखिले देने को लेकर स्वीकृति दी है।
चिराग योजना के तहत निजी स्कूल अपनी इच्छानुसार सीटों की संख्या देते हैं। इसी के साथ निजी स्कूल अपनी इच्छानुसार ही बताते हैं कि किस कक्षा में कितनी सीटों पर वे विद्यार्थियों को दाखिला देंगे। जिले में करीब 300 निजी स्कूल हैं। योजना के तहत कितने स्कूलों ने आवेदन किया है, अभी तक विभाग के पास कोई जानकारी नहीं है। निदेशालय की ओर से जारी शेड्यूल में 14 मार्च तक सीटों की संख्या सार्वजनिक की जानी थी।
::::::::::::::::::::::::::
परेशान हो रहे अभिभावक व विद्यार्थी
चिराग योजना के तहत जिले के राजकीय विद्यालय के विद्यार्थी अपने अभिभावकों के साथ निजी स्कूलों में दाखिलें के लिए पहुंच रहे हैं। स्कूल संचालक उनके आवेदन नहीं ले रहे हैं। किसी भी स्कूल के पास लिस्ट नहीं है कि किसे कितनी सीटों पर दाखिले देने हैं। शेड्यूल के अनुसार 15 मार्च से लेकर 31 मार्च तक दाखिले के लिए आवेदन जमा करवाने की तारीख है।
::::::::::::::::::
10 फरवरी तक स्कूलों करवानी थी अपनी सहमति दर्ज
शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी पत्र में मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों को चिराग योजना के तहत विद्यार्थियों का दाखिला करने बारे अपनी सहमति विभाग की वेबसाइट पर 10 फरवरी तक दर्ज करवानी थी। शिक्षा विभाग के अनुसार निजी स्कूलों ने अपनी सहमति वेबसाइट पर दर्ज करवा दी है। सीटों की भी संख्या पोर्टल पर दे दी है, लेकिन शिक्षा निदेशालय की ओर से लिस्ट जारी करने में देरी की जा रही है।
:::::::::::::::::::::::::::
शेड्यूल होगा रिवाइज
चिराग योजना के तहत निजी स्कूलों में दाखिला के लिए विद्यार्थियों को पुराने शेड्यूल के अनुसार 15 से 31 मार्च तक आवेदन करने थे। अभी तक एक भी विद्यार्थी का आवेदन किसी भी स्कूल ने नहीं लिया है। अब विभाग के अनुसार चिराग योजना के तहत दाखिले का शेड्यूल एक बार फिर से बदला जाएगा। इसके अनुसार विद्यार्थियों के दाखिले होंगे।
::::::::::::::::::::::::::::::::::
जानिए क्या है चिराग योजना
सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थी निजी स्कूलों में दाखिला ले सकते हैं। चिराग योजना के तहत आवेदन करने के लिए बच्चे के अभिभावकों की सालाना आय 1 लाख 80 हजार रुपये तक या इससे नीचे होनी चाहिए। इसके अलावा शैक्षणिक वर्ष में अपनी शिक्षा सरकारी विद्यालय से उत्तीर्ण की होनी चाहिए। विद्यार्थी दाखिले के लिए केवल उसके वर्तमान खंड, जिसमें वह पढ़ रहे हैं, उसी खंड के मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों में उपलब्ध सीटों पर दाखिले के लिए पात्र होंगे। वह खंड में एक से अधिक विद्यालय में दाखिले के लिए आवेदन कर सकते हैं।
:::::::::::::::::::::::::::::
निजी स्कूलों में दाखिले के लिए ये मापदंड जरूरी
- वहीं विद्यार्थी पात्र होंगे जिन्होंने गत शैक्षणिक वर्ष सरकारी स्कूल से पूरा किया होगा
- एक से अधिक निजी स्कूल में आवेदन कर सकते हैं।
- विद्यार्थियों का दाखिले के अनुसार स्कूल लिविंग सर्टिफिकेट अनिवार्य होगा।
- दाखिले के समय में विद्यार्थियों का परिवार पहचान पत्र होना अनिवार्य है।
::::::::::::::::::::::::::
वर्जन
शिक्षा निदेशालय की ओर से निजी स्कूलों की सीटों की संख्या जारी नहीं की गई है। इसके कारण विद्यार्थियों के आवेदन नहीं लिए जा रहे हैं। - अमित मनहर, नोडल अधिकारी, चिराग योजना, सिरसा।
:::::::::::::::::::::::
वर्जन
चिराग योजना के तहत राजकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों को निजी स्कूलों में दाखिल दिए जाते हैं। निजी स्कूलों में दाखिला लेने के लिए विद्यार्थियों के अभिभावकों की सालाना आय 1. 80 तक होनी चाहिए। - बूटाराम, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सिरसा।