रेलवे की भूमि से अवैध कब्जा हटाने के बाद खड़े दुकानदार।
- फोटो : Sirsa
सिरसा। डबवाली रोड से माल गोदाम रोड पर रेलवे की जमीन पर अवैध रूप से बने सर्विस स्टेशन और शटरिंग की दुकान को रेलवे प्रशासन ने जेसीबी चलवाकर हटवा दिया। दोनों दुकानों को हटाने से पहले रेलवे ने उक्त दुकानदारों को नोटिस भी जारी किया था। लेकिन दुकानदार ने उक्त अवैध निर्माण नहीं हटाए।
रेलवे की ओर से करीब एक सप्ताह पहले दुकानदार रोहित को नोटिस जारी किया गया था। लेकिन उसने दुकान को नहीं हटवाया। सोमवार को रेलवे ने नगर परिषद के एक्सईएन को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त कर दिया। नगर परिषद के एक्सईएन सिविल लाइन थाना पुलिस और आरपीएफ के जवानों को साथ लेकर मोल गोदाम रोड पर पहुंचे और यहां पर रेलवे की जगह पर बनी अवैध दो दुकानों पर जेसीबी चलवा उनको हटवा दिया। हालांकि इन दोनों दुकानों को लेकर रेलवे के पास शिकायत भी पहुंची थी। कार्रवाई के दौरान जिन प्रतिष्ठानों की दुकानदारों के पास रजिस्ट्री थी उनको छोड़ दिया गया।