शाहपुर बेगू सहकारी समिति कार्यालय।
- फोटो : Sirsa
द शाहपुर बेगू पैक्स के अधीन आने वाले सेल्स प्वाइंट पर सेल्समैनों ने करीब 45 लाख रुपये की खाद किसानों को बेच कर राशि गबन करने के मामले की हलका इंचार्ज ने अपनी रिपोर्ट रजिस्ट्रार सहायक समिति कार्यालय सिरसा को सौंप दी। इंस्पेक्टर की जांच रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि मामले की पोल खुलने पर सभी सेल्समैनों ने राशि पैक्स के खाते में जमा करवानी शुरू कर दी थी। जांच रिपोर्ट के आधार पर सहायक रजिस्ट्रार समिति कार्यालय सिरसा ने बेगू पैक्स प्रबंधक को सेल्समैनों से ब्याज वसूलने के निर्देश दिए हैं। ब्याज की राशि कम से कम 18 प्रतिशत होगी। साथ ही पैक्स सदस्यों की बैठक में इसे एजेंडे पर रखकर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। ताकि जल्द से जल्द दोषी कर्मचारियों से ब्याज की भरपाई हो सके। एआर कार्यालय ने एक पत्र द सिरसा केंद्रीय सहकारी समिति को भी भेज दी है। वहीं अरनियांवाली सेल्स प्वाइंट पर 16 लाख रुपये की राशि के गबन पर लीगल राय लेकर मृतक कर्मचारी के सर्विस लाभ रोके जा सकते हैं।
स्टॉक रजिस्टर में भी मिली काट-छांट : द शाहपुर बेगू पैक्स में जब नेजिया के सेल्स प्वाइंट पर करीब 22 लाख रुपये की खाद और अरनियांवाली सेल्स प्वाइंट पर करीब 16 लाख रुपये की खाद बेचने के बाद राशि जमा न होने के मामले की जांच शुरू हुई तो कंगनपुर और नटार सेल्स प्वाइंट में भी आठ लाख की खाद का पैसा देरी से जमा होने का मामला सामने आया। हलका इंस्पेक्टर की जांच रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि नटार और कंगनपुर सेल्स प्वाइंट से भी कर्मचारियों ने पैक्स के खाते में पैसा नहीं जमा करवाया। कर्मचारी खुद ही उस पैसे को खर्च करते रहे। दोनों सेल्स प्वाइंट पर करीब आठ लाख रुपये की राशि थी। वहीं जांच रिपोर्ट में द शाहपुर बेगू पैक्स के स्टॉक रजिस्टर में गड़बड़ी मिली। स्टॉक इंचार्ज ने रजिस्टर को मेंटेन नहीं किया। इसलिए एआर कार्यालय ने स्टॉक इंचार्ज से भी स्पष्टीकरण मांगा है कि उसने स्टॉक रजिस्टर को मेंटेन क्यों नहीं किया। वहीं कुछ दिनों पहले एआर ने अपने कार्यालय में सभी पैक्स प्रबंधकों की बैठक ली। जिसमें सभी को अपने पैक्स के अधीन आने वाले सेल्स प्वाइंट का रिकार्ड चेक करने और इंस्पेक्शन करके रिपोर्ट एक माह में सौंपने के निर्देश दिए। एआर जितेंद्र कौशिक ने उन्हें द सिरसा शाहपुर बेगू पैक्स में कर्मचारियों द्वारा बरती गई अनियमितताओं पर भी चर्चा की।
ये था मामला : ग्रामीण क्षेत्रों में बने हुए पैक्स सोसायटी में किसानों को खाद उपलब्ध करवाई जाती है। द शाहपुर बेगू पैक्स के अधीन, बकरियांवाली, अरनियांवाली, कंगनपुर, वैदवाला, शाहपुर बेगू सेल्स प्वाइंट आते हैं। अरनियांवाली सेल्स प्वाइंट के कर्मचारी की मई 2019 में एक हादसे में मौत हो गई। उसकी मौत के बाद अगस्त 2019 में बेगू पैक्स ने उसके खाते में 16 लाख रुपये की राशि दिखाई। लेकिन परिवार ने बेगू पैक्स को ऐसे किसी भी पैसे के होने से इंकार कर दिया। मामले ने तूूल पकड़ा तो पता चला कि नेजिया सेल्स प्वाइंट के कर्मचारी ने भी 22 लाख रुपये की राशि खर्च की थी। सरकारी पैसे का दुुरुपयोग का मामला खुला तो कर्मचारी ने 22 लाख रुपये की राशि पैक्स के खाते में जमा करवाई। रजिस्ट्रार सहायक समिति कार्यालय सिरसा के संज्ञान में मामला आने के बाद कार्यालय के एक हलका इंचार्ज को पूरे मामले की जांच के निर्देश दे दिए। रजिस्ट्रार सहायक समिति कार्यालय सिरसा ने द सिरसा शाहपुर बेगू पैक्स के सभी सेल्स प्वाइंट की फिजिकल वेरिफिकेशन शुरू कर दी है। रजिस्ट्रार सहायक समिति ने एक मार्च 2018 से पिछले सालों का रिकार्ड भी खाद एजेंसियों से मांगा और जांच शुरू की। इस दौरान नटार और कंगनपुर सेल्स प्वाइंट से भी करीब आठ लाख रुपये की खाद का पैसा जमा नहीं हुआ पाया गया।
जांच रिपोर्ट हमारे पास आ गई है। हमने पैक्स प्रबंधक को पत्र लिखकर मूल राशि का ब्याज जमा करवाने के निर्देश दिए हैं। ब्याज की राशि कम से कम 18 प्रतिशत होगी। यदि सेल्स प्वाइंट पर नियुक्त कर्मचारियों ने मूल राशि का ब्याज जमा नहीं करवाया तो कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। स्टॉक रजिस्टर मेंटेन न होने पर स्टोर इंचार्ज से स्पष्टीकरण मांगा है।
-जितेंद्र कौशिक, एआर, रजिस्ट्रार सहायक समिति सिरसा।