सिरसा। नशा मुक्त समाज अभियान कौशल का संस्था की ओर से वीरवार को चौ. देवीलाल विश्वविद्यालय के मल्टीपर्पज हॉल में नशा मुक्त समाज संकल्प समारोह का आयोजन किया गया। समारोह का शुभारंभ केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास राज्य मंत्री कौशल किशोर ने दीप प्रज्ज्वलित किया गया।
केंद्रीय राज्य मंत्री कौशल किशोर ने कहा कि अगर भारत को मजबूत व सुदृढ़ बनाना है तो युवाओं को नशे की गर्त से बचाना होगा और इसके लिए हर नागरिक को नशा मुक्त समाज का संकल्प लेते हुए इस मुहिम में अपना योगदान देना होगा। पूरे विश्व का 22 प्रतिशत युवा हमारे भारत में है और एक अंतरराष्ट्रीय साजिश के तहत युवाओं को नशे की ओर धकेला जा रहा है। आजादी की लड़ाई में 1857 से लेकर 1945 तक छह लाख 32 हजार से अधिक वीर सेनानियों ने अपना बलिदान दिया। जबकि आजादी के बाद भारत में नशे से मरने वालों की संख्या 15 लाख है, जोकि बेहद चिंता का विषय है। नशा मुक्त समाज अभियान कौशल का एक अभियान नहीं बल्कि आंदोलन है और इस आंदोलन में अधिक से अधिक नागरिकों को अपनी आहुति देनी होगी। अगर कार्यक्रम में उपस्थित हर व्यक्ति एक महीने में एक व्यक्ति को इस मुहिम से जोड़ता है तो एक साल में लाखों की संख्या में हम अपने युवाओं को नशे से बचा सकते है। इस अवसर पर सांसद सुनीता दुग्गल, जननायक जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय सिंह चौटाला, सीडीएलयू के कुलपति अजमेर सिंह मलिक, रजिस्ट्रार राकेश वधवा, जिला शिक्षा अधिकारी संत कुमार, राजेंद्र सिंह, राजेश छिकारा आदि मौजूद रहे।
सांसद सुनीता दुग्गल ने कहा कि सिरसा जिला, राजस्थान व पंजाब की सीमा से लगता है जिस कारण बाहर से नशा आने की संभावना रहती है। पिछले सालों में मुख्यमंत्री मनोहर लाल व उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने भी इस दिशा में कारगर प्रयास किए हैं। उन्होंने कहा कि जिला व पुलिस प्रशासन द्वारा भी लगातार नशा तस्करों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से भी आमजन को जागरूक किया जा रहा है। युवाओं में लक्ष्य निर्धारित कर उसे हासिल करने का जुनून होना चाहिए और युवा पढ़ाई, खेल व स्वास्थ्य को लेकर अपने अंदर जज्बा पैदा करें।
जननायक जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय सिंह चौटाला ने कहा कि नशा एक सामाजिक बुराई है और इसके विरुद्ध लड़ाई को हम सामाजिक आंदोलन के रूप में लड़ कर जीत सकते है। हमें मिलकर यह संकल्प लेना चाहिए कि हम नशे की इस बीमारी को जड़मूल से खत्म करने के लिए आगे आए तथा एक सशक्त समाज के निर्माण में अपना अमूल्य योगदान देें। इस अवसर पर सरस्वती वंदना, एनएसएस विद्यार्थियों द्वारा गायन व नशा मुक्ति पर आधारित नाटक प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में नशा मुक्त समाज अभियान कौशल का संस्था की जिला इकाई द्वारा केंद्रीय राज्य मंत्री कौशल किशोर, सांसद सुनीता दुग्गल, जननायक जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय सिंह चौटाला सहित विशिष्ट अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान शपथ ग्रहण करते केंद्रीय राज्य मंत्री कौशल किशोर व अन्य।- फोटो : Sirsa