सिरसा। मिशन बुनियाद और सुपर-100 का खंड स्तरीय जागरूकता अभियान बुधवार को राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रानियां में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि के रूप में नवनियुक्त जिला शिक्षा अधिकारी ज्ञान सिंह ने शिरकत की।
वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता रानियां की खंड शिक्षा अधिकारी सुनीता साईं ने की। कार्यक्रम के दौरान जिला विज्ञान विशेषज्ञ डाॅ. मुकेश कुमार ने मिशन बुनियाद और सुपर - 100 के बारे में बताया। विद्यार्थियों को आवेदन, परीक्षा, परिणाम, परीक्षा का पेटर्न, पाठ्यक्रम और कक्षाओं में पढ़ाई के संबंध में संपूर्ण जानकारी दी। डॉ. मुकेश कुमार ने कहा कि मुन्नावली गांव के विद्यार्थी प्रवीन कुमार ने सुपर 100 के तहत दिल्ली आईआईटी में इंजीनियरिंग की पढ़ाई की और उसका सालाना 18 लाख का पैकेज लगा है।
विशेषज्ञ ने कहा कि जीवन में दो रास्ते होते हैं: एक आसान और दूसरा थोड़ा मुश्किल। ये आप पर निर्भर करता है कि आप कौन सा मार्ग चुनना चाहते हैं। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। वहीं विकल्प फाउंडेशन से आए कपिल कुमार ने बुनियाद और सुपर - 100 कार्यक्रम के लिए पंजीकरण कराने के लिए प्रेरित किया। जिला शिक्षा अधिकारी ज्ञान सिंह ने विद्यार्थियों को जीवन के अनुभव बताकर प्रेरित किया और हरियाणा सरकार की इन स्कीमों को सरकारी स्कूल के विद्यार्थियों के लिए वरदान बताया। अंत में बुनियाद और सुपर- 100 के मेधावी विद्यार्थियों व प्रवीन के माता-पिता को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
जानिए क्या है योजना
सुपर - 100 योजना 2018 में शुरू हुई थी। इस योजना के तहत 11वीं और 12वीं कक्षा के छात्रों को आईआईटी और मेडिकल की कोचिंग प्रदान की जाती है। इस कार्यक्रम ने पिछले चार वर्षों में 160 से अधिक छात्रों को आईआईटी, एनआईटी और सरकारी मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश दिलाने में सफलता प्राप्त करवाई है। वहीं मिशन बुनियाद के अंतर्गत, नौंवी और दसवीं कक्षा के छात्रों के लिए एक डिजिटल प्लेटफॉर्म की शुरुआत की गई है। इस प्रोग्राम का उद्देश्य है बच्चों के बीच में एक स्वतंत्र, सकारात्मक और प्रतिस्पर्धी भावना बढ़ाना, ताकि वे अपने आगामी जीवन की चुनौतियों का सामना कर सकें।