गोदाम में स्टाक की जांच करते टीम अधिकारी संवाद
- फोटो : Sirsa
सिरसा। सब्जी मंडी स्थित न्यू नेहरा फ्रूट कंपनी के केला गोदाम में आयकर विभाग की टीम ने बुधवार को छापा मारा। टीम लगातार 12 घंटेे तक कंपनी के गोदाम संबंधित रिकॉर्ड को खंगालती रही। सूत्रों के अनुसार टीम ने कंपनी के 14 गोदामों पर एक साथ छापे की कार्रवाई की है। इसकी सूचना मिलने के बाद शहर के अन्य व्यापारियों में भी हड़कंप मचा रहा। जांच के दौरान टीम को क्या कुछ मिल पाया इसकी जानकारी देने से अधिकारियों ने इनकार कर दिया है।
अलसुबह पंजाब आयकर विभाग की टीम चंडीगढ़ से सिरसा में पहुंची। यहां सब्जी मंडी में स्थिति न्यू नेहरा फ्रूट कंपनी के केला गोदाम में सुबह सात बजे दस्तक दे दी और गेट पर सीआरपीएफ के जवान तैनात कर दिए। इस दौरान बाहर के व्यक्तियों को फैक्टरी से बाहर निकाल दिया, जबकि मालिक और कारिंदे फैक्टरी में ही रहे। किसी भी व्यक्ति को बाहर जाने की अनुमति नहीं दी। विभाग की टीम ने गोदाम में पड़े स्टाक की गिनती कर दस्तावेजों के साथ मिलान किया। इस दौरान टीम ने कंपनी के गोदाम का पुराना रिकार्ड भी खंगाला है। समाचार लिखने तक टीम कंपनी गोदाम भी तैनात रही।