चोपटा। गांव जोगीवाला के पैक्स बिक्री केंद्र पर सोमवार को किसानों ने डीएपी खाद के साथ टीएसपी खाद के बैग लेने से इन्कार कर दिया। इस दौरान प्रदर्शन करते हुए किसानों ने बिक्री केंद्र पर ताला लगाकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। पैक्स सेल्समैन हरपाल सिंह खाद वितरित किए बिना ही वापस लौट गए। ग्रामीण छोटू राम, कृष्ण बेनीवाल, सुरेंद्र सिंह, ओम प्रकाश, जयवीर, प्रकाश, राजाराम, सुभाष, जगदीश और बहादुर सिंह ने बताया कि जब उन्हें गांव जोगीवाला में 500 बैग डीएपी खाद मिलने की सूचना मिली तो वे बिक्री केंद्र पर पहुंचे। पैक्स कर्मियों ने किसानों को दो बैग डीएपी और एक बैग टीएसपी खाद के लिए लाइन में लगने को कहा।
किसानों ने कहा कि वे केवल डीएपी खाद ही खरीदना चाहते हैं, लेकिन पैक्स कर्मचारी टीएसपी खाद के बैग भी लेने पर मजबूर करने लगे। इससे किसानों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने डीएपी के साथ टीएसपी खाद लेने से मना कर दिया। किसानों ने बताया कि डीएपी खाद का बैग 1350 रुपये में और टीएसपी खाद का बैग 1300 रुपये में दिया जा रहा है, लेकिन उनके पास केवल डीएपी खाद खरीदने के पैसे हैं। ऐसे में टीएसपी खाद खरीदने के लिए मजबूर करना अन्याय है।
कागदाना पैक्स प्रबंधक सतबीर सिंह ने बताया कि गांव जोगीवाला के पैक्स केंद्र पर 500 बैग डीएपी और 250 बैग टीएसपी खाद फैड की ओर से भेजे गए हैं, जिन्हें बांटने के निर्देश मिले हैं। जब सेल्समैन हरपाल खाद वितरण के लिए पहुंचे, तो किसान केवल डीएपी खाद लेने को तैयार थे।