एक भी कर्मचारी की नियुक्ति न होने के कारण नगर सुधार मंडल खुद के सुधार को तरस रहा है। कई वर्षों से नगर सुधार मंडल के कार्यालय में एक भी कर्मचारी न नहीं है। इस कारण विभाग द्वारा कराए जाने वाले कार्यों पर ब्रेक लगा हुआ है। अध्यक्ष की कुर्सी दस वर्षों में साढ़े आठ वर्ष तक अध्यक्ष का इंतजार ही करती रही।
प्रदेश सरकार ने शहरों के विकास कार्यों को गति देेने के लिए चालीस साल पहले नगर सुधार मंडल की स्थापना की थी। नगर सुधार मंडल सिरसा में कई वर्षों से एक भी कर्मचारी नहीं है। चिट्ठी-पत्री का जबाव देने के लिए मात्र एक अनुबंधित क्लर्क है। 2009 से पूर्व विभाग में दो-चार कर्मचारी थे।
उनमें से कुछ सेवानिवृत्त हो गए तो किसी का तबादला हो गया। विभाग के प्रधान सचिव बार-बार रिक्त पदों का ब्यौरा तो मांगते हैं लेकिन किसी भी कर्मचारी की नियुक्ति नहीं हो पाती। कार्यालय में पड़ी फाइलें केवल धूल फांक रही हैं। अनुबंधित क्लर्क फकीर चंद ने बताया कि कार्यालय में सभी पद रिक्त होने के कारण किसी कार्य की प्रक्रिया शुरू नहीं हो पा रही है।
ये काम हो रहे प्रभावित
नगर सुधार मंडल में रिक्त पदों के कारण चौधरी देवीलाल नगर का विकास अधर में लटका हुआ है। गांधी कॉलोनी का विकास, मोहता मार्केट स्थित राजकीय कन्या स्कूल की जगह पर बनाई जाने वाली पार्किंग और मार्केट का काम भी ठंडे बस्ते में है। यदि विभाग में सभी पद भरे जाएं तो इन कामों के अलावा नए प्रोजेक्ट भी शुरू किए जा सकते हैं।
नहीं नियुक्त हुआ अध्यक्ष
पिछले दस वर्ष मेें मात्र डेढ़ साल तक अध्यक्ष पद पर नियुक्ति हुई थी। 2004 के चुनावों के बाद जब सरकार का कार्यकाल डेढ़ वर्ष शेष था तो प्रदेश सरकार ने सुनीता सेतिया को नगर सुधार मंडल का अध्यक्ष बनाया था। 2009 के विधानसभा चुनावों के बाद से अब तक अध्यक्ष पद रिक्त है।
स्वीकृत और रिक्त पदों का विवरण
पद स्वीकृत रिक्त पद
कार्यकारी अभियंता 01 01
सहायक अभियंता 01 01
कनिष्ठ अभियंता 01 01
कार्यालय अधीक्षक 01 01
लेखाकार 01 01
स्टेनो-कम-क्लर्क 01 01
लिपिक 01 01
ड्राफ्टमैन 01 01
पटवारी 01 01
कार चालक 01 01
सेवादार 01 01
सेवादार-कम-माली 01 010
सरकार द्वारा निर्वाचित अध्यक्ष - 01 - - 01