सिरसा। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में शुक्रवार को मेगा जॉब फेयर 2025 का आयोजन किया गया। रोजगार की उम्मीद लेकर पहुंचे युवाओं ने अपनी योग्यता, अनुभव और कौशल के आधार पर विभिन्न जॉब प्रोफाइल के लिए आवेदन किया, लेकिन कई युवाओं ने निराशा जताई कि जिस ट्रेड में उन्होंने प्रशिक्षण लिया, उसकी कंपनियां फेयर में नहीं पहुंचीं। इसके कारण उन्हें खास फायदा नहीं मिल पाया।
रोजगार मेले में 500 उम्मीदवारों ने साक्षात्कार दिया, जिनमें 300 लड़के और 200 लड़कियां शामिल थीं। कुल 31 कंपनियों ने हिस्सा लिया, जिनमें अधिकतर स्थानीय स्तर पर कार्यरत संस्थान थे। जबकि 200 से अधिक सिरसा की कंपनियों ने पंजीकरण करवाया था, लेकिन सभी कंपनियां मौके पर उपस्थित नहीं हो सकीं।
जॉब फेयर की इंटरव्यू प्रक्रिया सुबह से शाम तक चली। रोजगार विभाग की टीम और स्वयंसेवकों ने युवाओं को काउंसलिंग प्रदान की और उपलब्ध जॉब विकल्पों की जानकारी दी। युवाओं ने सुझाव दिया कि अगर अधिक ट्रेड-विशिष्ट कंपनियां शामिल हों, तो रोजगार के अवसर बढ़ सकते हैं।
मेगा जॉब फेयर का शुभारंभ अतिरिक्त उपायुक्त वीरेंद्र सहरावत ने दीप प्रज्वलित कर किया। मुख्यमंत्री के पूर्व राजनीतिक सलाहकार जगदीश चोपड़ा विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अतिरिक्त उपायुक्त ने युवाओं को संबोधित करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की और सभी कंपनियों के स्टॉल पर जाकर अधिक से अधिक युवाओं को चयनित करने के लिए प्रोत्साहित किया। इस मौके पर कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग, हरियाणा के उप-निदेशक अनिल गोयल भी उपस्थित रहे। उन्होंने कंपनियों का स्वागत किया और सोलर एनर्जी क्षेत्र में रोजगार संभावनाओं पर जानकारी दी।
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के प्रधानाचार्य राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि युवाओं को स्वयं रोजगार तथा निजी क्षेत्र की कंपनियों में काम करने के लिए प्रेरित किया। प्लेसमेंट अधिकारी श्याम सिंह ने बताया कि आईटीआई सिरसा द्वारा समय-समय पर रोजगार मेलों का आयोजन कर आईटीआई उत्तीर्ण युवाओं को विभिन्न कंपनियों में अप्रेंटिसशिप और रोजगार उपलब्ध करवाया जाता है। जिन उम्मीदवारों का चयन हुआ है, उनकी सूची शीघ्र ही कंपनियों से प्राप्त कर जारी कर दी जाएगी।
कंपनियों की रही भागीदारी
रोजगार मेले में सोलर एनर्जी, इलेक्ट्रिकल व्हीकल/ग्रीन एनर्जी, इलेक्ट्रिकल/इलेक्ट्रॉनिक्स, मैकेनिकल और ऑटोमोबाइल सहित विभिन्न क्षेत्रों की 31 प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया। इनमें सीएचएच इंडस्ट्रीयल ग्रेटर नोएडा, यूएनओ मिंडा प्राइवेट लिमिटेड बहादुरगढ़, केईआई वायर्स एंड केबल्स, जेबीएम ग्रुप गुरुग्राम, ड्रीम केस इनोवेशन प्राइवेट लिमिटेड, सोमेमिया कॉरपोरेट प्राइवेट लिमिटेड नीमराणा, एलएस पावर कंट्रोल प्राइवेट लिमिटेड गुरुग्राम, ऐसिन ऑटोमैटिक रोहतक, ट्राइकोलाइट इलेक्ट्रिकल इंडस्ट्रीज़ झज्जर, शिवम ऑटोटेक लिमिटेड रोहतक, लोटे इंडिया कॉरपोरेशन लिमिटेड आदि प्रमुख कंपनियां शामिल रहीं।
-
युवाओं की प्रतिक्रिया
मैंने आईटीआई की है और एक साल प्रशिक्षण लिया है। रोजगार मेला अच्छा है। बहुत सी कंपनियां सिरसा की हैं। उम्मीद है कि चयन हो जाएगा। 2-3 कंपनियों में साक्षात्कार दिया। सैलरी 15-20 हजार रुपये तक डिसाइड हुई है। - रोशन कुमार, गांव गुड़ियाखेड़ा।
हमारी ट्रेड की कंपनी नहीं आई। हमने दूसरी ट्रेड कंपनी में साक्षात्कार दिया। अगर दूसरी ट्रेड में ही जाना था तो हमारी ट्रेड का फायदा नहीं हुआ। मेगा फेयर तो लगा, लेकिन हर ट्रेड की नौकरी मिलनी चाहिए। - वीरपाल, सिरसा।