सिरसा। बॉक्सिंग एसोसिएशन की ओर से छठी एलिट महिला हरियाणा स्टेट बॉक्सिंग चैंपियनशिप-2025 के लिए टीम सिरसा के चयन के लिए ट्रायल 14 दिसंबर को होगा। ट्रायल किसान चौक के निकट मिनी बाईपास पर स्थित द्रोणाचार्य बॉक्सिंग क्लब में आयोजित किए जाएंगे। आयोजक संदीप बैनीवाल ने बताया कि ट्रायल वेट-इन सुबह 8 बजे, जबकि फाइनल वेट-इन सुबह 9 बजे होगा। बैनीवाल ने बताया कि ट्रायल में भाग लेने के लिए प्रतिभागियों को आधार कार्ड, 10वीं कक्षा की मार्कशीट और हरियाणा रेजिडेंस प्रमाणपत्र साथ लाना होगा। 18 वर्ष या उससे अधिक आयु की महिला मुक्केबाज के लिए गर्भ न होने का घोषणा-पत्र अनिवार्य है।
बॉक्सर और उनके सेकंड को सही ड्रेस, बॉक्सिंग ग्लव्स, हेडगार्ड सहित सभी आवश्यक उपकरणों के साथ उपस्थित होना होगा। बिना उपकरणों के किसी भी प्रतिभागी को ट्रायल में भाग लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। बैनीवाल ने बताया कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होगी। बॉक्सर का चयन केवल तभी किया जाएगा, जब वह तकनीकी रूप से दक्ष और शारीरिक रूप से फिट हो। अंतिम निर्णय चयनकर्ताओं द्वारा लिया जाएगाा।
ट्रायल के आयोजन में रॉबिन, टेक्निकल डेलिगेट राहुल शर्मा, सतबीर कौर, सुनील कुमार, सतीश कुमार, संदीप बैनीवाल, मोहित कुमार, अनिल बिश्नोई और निशा अपनी सेवाएं देंगे। आयोजन समिति ने प्रतिभागियों से समय पर पहुंचने और नियमों का पालन करते हुए ट्रायल प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील की है। खिलाड़ियों को उम्मीद है कि यह चैंपियनशिप उन्हें राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के अवसर प्रदान करेगी।