संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। भाई को राखी बांधने के लिए जाने वालीं बहनों को सरकार ने बसों में मुफ्त में यात्रा की सुविधा दी है, लेकिन बहनों के लिए यह सफर परेशानी भरा रहा है। मंगलवार को सभी सरकारी भरी खचाखच भरी रहीं, वहीं निजी बसों में उनसे पूरा किराया वसूला गया। दोपहर बाद कई रूटों पर बसाें की कमी रहीं और महिलाओं घंटों तक बस स्टैंड पर भी इंतजार करना पड़ा। हालांकि रोडवेज की ओर से बसों के फेरे भी बढ़ाए गए।
रक्षाबंधन को लेकर बसों में मुफ्त में सफर की सुविधा मंगलवार दोपहर 12 बजे से शुरू हो गई। यह सुविधा 30 अगस्त रात 12 बजे तक रहीं। महिलाएं रोडवेज व प्राइवेट बसों में 15 वर्ष तक के बच्चे के साथ मुफ्त में सफर कर सकती है। मंगलवार को दोपहर दो बजे तक बस स्टैंड पर स्थित सामान्य रही। इसके बाद यात्रियों की भीड़ बढ़ना शुरू हो गई। शाम चार बजे के बाद यात्रियों की संख्या अधिक बढ़ने के कारण महिलाओं को बस में सवार होने को लेकर भी परेशानी का सामना करना पड़ा। बस स्टैंड के काउंटर पर बस लगने के साथ ही खचाखच भर गईं। ऐसे में महिलाओं को खड़े होकर सफर करने को मजबूर होना पड़ा। रोडवेज की ओर से जिलेभर के रूटों में कुल 214 बसों का संचालन किया गया था। शाम सात बजे के बाद महिलाओं व यात्रियों की परेशानी बढ़ गई। वहीं निजी बसों में महिलाओं से पूरा किराया वसूला गया।
प्राइवेट बसों की घटी संख्या, परिचालकों ने काटी सभी की टिकट
महिला को फ्री सफर करवाने के लिए सहकारी समिति बसों को भी आदेश दिए गए हैं, लेकिन निजी बस चालक मनमानी करते हुए नजर आए। निजी बस परिचालकों ने यात्रियों की टिकट काट उनसे किराया वसूला गया है। दोपहर बाद बस स्टैंड पर सहकारी समिति की बसों की संख्या भी काफी कम देखने को मिलीं। निजी बस चालक यात्रियों को बस स्टैंड से बाहर ही यात्रियों को उतारते हुए नजर आए। रानियां से सिरसा पहुंची महिला संतोष रानी, पिंकी, पूजा रानी ममता ने बताया कि निजी बस चालक की ओर से उनसे पूरा किराया वसूला गया है। उनकी पूरी टिकट काटी गई।
रोडवेज ने बूथों पर तैनात किए अतिरिक्त कर्मचारी
रोडवेज की ओर से बस स्टैंड के बूथों पर भी अतिरिक्त कर्मचारी तैनात किए गए। कर्मचारी यात्रियों को बसों के रूट व समय की जानकारी देते हुए भी नजर आए। इस दौरान लोकल ग्रामीण रूटों के यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। ग्रामीण रूटों पर बस परिचालकों की ओर से यात्रियों का न उतारे जाने की जानकारी दी गई। इसके बाद यात्री बस स्टैंड में कर्मचारियों को भी शिकायत करते दिखे। वहीं, रोडवेज व प्राइवेट बस के समय, रूट की भी कर्मचारियों ने लिस्ट तैयार कर रहे हैं। इसमें बसों के समय सहित अन्य जारी दर्ज कर बाद में जांच की जाएगी।
वर्जन
दोपहर बाद महिलाओं को सुविधा देने के लिए अतिरिक्त बसों का संचालन किया गया है। निजी बस चालकों को भी महिलाओं व बच्चों से किराए न लिए जाने की हिदायत दी जा रही है। स्थिति सामान्य है। अधिक भीड़ वाले रूट पर बसों का लगातार संचालन किया जा रहा है। - रतनलाल, बस स्टैंड इंचार्ज, सिरसा ।