सिरसा। रेलवे ने फाटक अपग्रेड करने का काम शुरू कर दिया है। अब फाटक को हाइटेक सिस्टम से जोड़ने का काम शुरू कर दिया है। अब जहां एक ओर फाटक बंद करने के लिए प्रक्रिया आसान होगी और लाइन बदलने, सिग्नल देने का काम स्टेशन से ही किया जा सकेगा। इस फाटक से प्रतिदिन करीब 25000 लोगों का आवागमन होता है। इस सुविधा के शुरू होने से यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों का समय बचेगा और वहीं ट्रेन भी तेजी से गुजर सकेगी। बंद फाटक के नीचे से भी चालक भी वाहन नहीं निकाल सकेंगे।
पुरानी कचहरी रोड पर स्थित रेलवे फाटक हाइटेक तकनीक से युक्त किया जा रहा है। इसके लिए रेलवे ने इस क्रॉसिंग पर नया फाटक लगाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। अप्रैल माह तक ये काम पूरा होने की संभावना है, जिसके बाद वाहन फाटक बंद होने के बाद इसके नीचे से वाहन नहीं निकाल सकेंगे। पुराना फाटक काफी क्षतिग्रस्त हो चुका है तथा इसके नीचे से वाहन निकालने के कारण यह कई बार खराब भी हो जाता है। नया फाटक लगने के बाद यह रेलवे स्टेशन से संचालित किया जा सकेगा। अब लोग इसके नीचे से अपने दोपहिया वाहन नहीं निकाल पायेंगे। नया फाटक लगने से हादसा होने की आशंका भी नहीं रहेगी।
जानिये....ऐसे काम करेगा नया सिस्टम
रेलवे में इलेक्ट्रिक सिस्टम लागू होने के बाद सुविधाओं में विस्तार होगा। अभी तक रेलवे की ओर से क्रॉसिंग व फाटक बंद करने का काम मैकेनिकल सिस्टम से हो रहा है। जिसमें फाटक बंद होने के बाद चाबी से लाइन को ट्रैकमैन को लाइन बदलनी पड़ती है, जिसके बाद ट्रेन निकलती है। अब सिस्टम कंप्यूटराइज्ड होने के बाद स्टेशन से ही लाइन को बदल दिया जाएगा व ट्रेन को आगे बढ़ने के लिए सिग्नल दिया जाएगा। जब तक फाटक बंद नहीं होगा सिग्नल डाउन नहीं होगा और ट्रेन आगे नहीं बढ़ेगी।
ओवरब्रिज बना तो होगी परेशानी दूर
पुरानी कचहरी रोड पर स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर पूरे दिन में करीब तीन घंटे फाटक बंद रहता है। इस कारण फाटक के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। शहरवासियों द्वारा कई बार इस मार्ग पर ओवरब्रिज या अंडरब्रिज बनाने की मांग की जा चुकी है। इसके लिए सरकार के पास प्रस्ताव भी बनाकर भेजा हुआ है, परंतु अनुमति नहीं मिलने के कारण यह योजना सिरे नहीं चढ़ पा रही है। अगर इस मार्ग पर ओवरब्रिज या अंडरब्रिज बनता है तो शहरवासियों को राहत मिलेगी तथा जाम की समस्या से भी निजात मिलेगी।
रेलवे द्वारा अभी मेकेनिकल तकनीक से रेलवे का संचालन होगा। इलेक्ट्रिकल सिस्टम से जल्द ही रेल का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। इसके लिए कार्य जारी है। इलेक्ट्रिकल सिस्टम लागू होने के बाद ट्रेन की रफ्तार बढ़ेगी तथा क्रॉसिंग में भी समय बचेगा।
- अजय गौतम, रेल यातायात प्रबंधक, सिरसा।