रोडवेज की नई 19 यूरो सिक्स बसों की पासिंग, बीमा सहित अन्य दस्तावेज पूरी होने के बाद रविवार को रूट पर उतारा जाएगा। डिपो की ओर से चार बसों को दिल्ली, चार बसों को चंडीगढ़ और राजस्थान के अलग-अलग रूटों सात बसों व अन्य बसों का लोकल रूटों पर रवाना किया जाएगा। इसके लिए रोडवेज ने समय सारिणी तैयार कर चालक व परिचालकों की ड्यूटी भी लगा दी है।
डेढ़ सप्ताह पहले सिरसा डिपो में पहुंची 19 यूरो सिक्स बसों के सभी दस्तावेज पूरे हो चुके हैं। रोडवेज की ओर से चार बसों को दिल्ली, चार बसों को चंडीगढ़, दो बसों को अनुपगढ़, एक बस बल्लभगढ़, दो बस हनुमानगढ़, दो बस सूरतगढ़, दो बस हिसार, गुरुग्राम और दाे बस ऐलनाबाद से हिसार चंडीगढ़ रूट पर भेजी जाएगी। इसके अलावा 17 यूरो सिक्स बसें भी जल्द ही आने की उम्मीद है।
मुख्यालय ने करीब डेढ़ वर्ष पहले 35 यूरो सिक्स बसों को मंजूरी दी गई थी। पहले चरण में 19 यूरो सिक्स बसें सिरसा डिपो में पहुंची हैं। अन्य बसों के तैयार होने की प्रक्रिया चल रही है।
पंजाब के रूटों का अभी तक नहीं आया परमिट, इंतजार कर रहा है विभाग
सिरसा डिपो की ओर से पंजाब के अमृतसर और कटरा के रूट के लिए परमिट की मांग की गई थी। इसके लिए डिपो की ओर से फीस भी जमा करवा दी गई है। अभी तक इन दोनों रूटों का परमिट नहीं मिल पाया है। इसके कारण पंजाब के अमृतसर और कटरा के लिए बस सुविधा शुरू होने में अभी समय लग सकता है। रोडवेज की ओर से बीते माह रावतसर सहित अन्य तीन नई रूटों पर बसों का संचालन शुरू कर दिया गया था। डबवाली से अमृतसर के लिए बस सुविधा शुरू हो चुकी है।
नई बसों को रूट पर उतार दिया जाएगा। बीमा, पासिंग सहित सभी दस्तावेज पूरे हो चुके हैं। दिल्ली, चंडीगढ़ और राजस्थान के कई रूटों पर नई बसों को रवाना किया जाएगा। लोकल रूटों पर भी बसों की संख्या को बढ़ाया जा रहा है। -
नंदलाल, डीआई, सिरसा डिपो।