डबवाली। शहर थाना पुलिस ने नौकरी दिलाने का झांसा देकर पैसे हड़पने के मामले में आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता सुमनदीप ने बताया कि वह घरेलू कार्य के साथ सिलाई का काम करती है। आरोप है कि उसके पति के परिचित जगसीर सिंह उर्फ जग्गा निवासी नीलियावाली का उनके घर आना-जाना था।
महिला के अनुसार जगसीर सिंह ने उसकी मुलाकात प्रवीण पत्नी जस्सी सिंह, निवासी चौहान नगर (मंडी डबवाली) से करवाई जो सिलाई सेंटर में सीनियर मैडम बताई गई। प्रवीण ने उसे सिलाई सेंटर में नौकरी दिलाने और सिलाई मशीन दिलाने का भरोसा दिया व ऑनलाइन फॉर्म के नाम पर उससे 5 हजार रुपये ले लिए।
पीड़िता ने बताया कि उसने राशि दो किस्तों में 3 हजार और 2 हजार रुपये देकर दी लेकिन न तो नौकरी मिली और न ही मशीन दी गई। बार-बार पूछने पर आरोपियों ने टालमटोल शुरू कर दी। आरोप है कि 16 मई की रात जगसीर सिंह ने फोन कर कहा कि पैसे वापस नहीं मिलेंगे और इसके बाद गाली-गलौज भी की गई। जांच अधिकारी सुखदेव सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। संवाद