सिरसा। जिले में डेंगू के मरीजों की संख्या हर रोज बढ़ती जा रही है। मंगलवार को सिरसा में दो, डबवाली और रानियां सहित चार डेंगू के नए मरीजों की पुष्टि हुई है। जिले में अब तक कुल 26 डेंगू के मरीज मिल चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग फॉगिंग करवाने के लिए पत्र लिखने और लारवा मिलने पर नोटिस देने तक ही सिमट कर रह गया है। जिसके कारण जिले में डेंगू के मरीज बढ़ रहे हैं।
जिले में अब तक कुछ 26 डेंगू के मरीजों की पुष्टि हो चुकी है। वहीं मच्छरों के कारण वायरल बुखार के मरीज भी तेजी से बढ़ रहे हैं। डबवाली में अब तक कुल 22 मरीज मिल चुके हैं। जबकि रानियां और सिरसा में छह मरीजों की पुष्टि हो चुकी है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग की चिंता भी पहले से अधिक बढ़ गई है। हालांकि इनमें से कई मरीज स्वस्थ हो चुके हैं जबकि कई मरीजों का इलाज निजी और सरकारी अस्पतालों में किया जा रहा है।
निजी अस्पतालों को सूचना देने के दिए निर्देश
स्वास्थ्य विभाग की ओर से अब निजी अस्पतालों में भी सर्वे किया जा रहा है और अस्पतालों में पहुंचने वाले मरीजों की जांच की जा रही है। डेंगू के लक्षण पाए जाने के बाद मरीजों के सैंपल भी लिए जा रहे हैं। सिरसा के निजी अस्पतालों में दाखिल होने वाले वायरल बुखार के मरीजों में से कोई भी मरीज डेंगू का नहीं पाया गया। डेंगू के लक्षण होने के बाद मरीजों के सैंपल लिए जा रहे हैं। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू के मरीज मिलने पर सूचना विभाग को देने के लिए निर्देश दिए हैं।
नगर परिषद की ओर से नहीं की जा रही फॉगिंग
डेंगू के मरीजों की पुष्टि होने के बाद स्वास्थ्य विभाग की ओर से फॉगिंग करवाने के लिए नगर परिषद को इसकी सूचना दी जाती है लेकिन कई क्षेत्रों मेेें डेंगू के मरीज होने के बाद भी उन स्थानों पर फॉगिंग नहीं हो पा रही। वहीं स्वास्थ्य विभाग डेंगू की पुष्टि होने वाले मरीजों के घर के आसपास और अन्य स्थानों पर सर्वे कर लोगों के सैंपल एकत्र कर रहा है।
जिले में बीते वर्षों में मिले डेंगू के मरीज
वर्ष केस
2015, 201
2016, 21
2017, 162
2018, 73
2019, 88
2020, 22
2021, 26 अब तक
सिरसा, डबवाली और रानियां में चार नए डेंगू के मरीजों की पुष्टि हुई है। निजी अस्पतालों को भी डेंगू के मरीज मिलने पर विभाग को सूचना देने के निर्देश दिए हैं। डेंगू की पुष्टि होने के बाद मरीज के परिजन और आसपास के लोगों के सैंपल भी एकत्र किए जाते हैं।
- डॉ. मनीष बांसल, सिविल सर्जन, सिरसा।