सिरसा। डेढ़ घंटे तक लगातार हुई बारिश ने प्रशासन द्वारा पानी निकासी के लिए किए गए प्रबंधों की पोल खोल दी। शहर में 35 एमएम बारिश दर्ज की गई। जिसके बाद शहर में बाढ़ जैसे हालात बन गए। शहर के निचले क्षेत्रों के साथ-साथ मुख्य मार्गों पर भी जलभराव की स्थिति बनी रही। बारिश से फसलों को काफी नुकसान हुआ है। तैयार हो चुकी फसल बारिश के कारण अब जमीन के साथ लग गई।
मंगलवार को सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। दोपहर डेढ़ बजे के बाद तेज हवाओं के साथ बारिश होनी शुरू हो गई। सिरसा में 35, पंजुआना में 03, झंडाकला में 04 और ओटू में बूंदाबांदी हुई है। शहर के निचली कॉलोनियों के साथ-साथ मुख्य मार्गों पर भी जलभराव की स्थिति बन गई। वहीं दूसरी तरफ किसानों की धान और नरमे की फसल अब पककर तैयार हो चुकी हैै। लेकिन तेज बारिश और हवाओं के कारण नरमे और धान की फसल जमीन से लग गई। नरमे की फसल में चुगाई का कार्य किया जा रहा है। लेकिन बारिश के पानी से नरमे के टींडे और रूई भी इसके कारण खराब होना शुरू हो गई है।
जलभराव में दम तोड़ते दिखे वाहन
शहर के ओवरब्रिज के पास दो से तीन फुट तक जलभराव हो गया। ओवरब्रिज की तरफ आवाजाही अधिक होने के कारण यहां पर वाहन खराब होने लगे। जिसके बाद चालक वाहनों को धक्का लगाकर बाहर निकालते हुए नजर आए। जलभराव के कारण दो पहिया वाहन चालकों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। वहीं शहर में दो घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। सरकुलर रोड, डबवाली रोड और हिसार रोड पर वाहन रेंगते हुए नजर आए।
इन क्षेत्रों में बनी जलभराव की स्थिति
बारिश के कारण शहर के सुरखाब चौक, परशुराम चौक, हिसारिया बाजार, जनता भवन रोड, शिव चौक, नोहरिया बाजार, डबवाली रोड, बरनाला रोड, रेलवे फाटक, हिसार रोड और अग्रसेन कॉलोनी में जलभराव की स्थिति बनी रही। जिसके कारण कॉलोनी वासियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। जलभराव के कारण कई दुकानदारों को दुकानें तक बंद करनी पड़ी।
तीन घंटे तक बिजली रही बाधित
दोपहर डेढ़ बजे तेज हवाएं चलने के बाद शहर की बिजली सप्लाई बाधित हो गई। तीन घंटे बाद शहर के कई क्षेत्रों की बिजली सप्लाई को शुरू कर दी गई। जबकि कई क्षेत्रों में फाल्ट आने के कारण बिजली बाधित रही। बिजली कर्मचारी अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचकर बिजली सप्लाई शुरू करने के लिए कार्य करते हुए नजर आए। वहीं निगम में बने सुविधा केंद्र में भी 300 से अधिक शिकायतें पहुंची।
किसानों के लिए आई आफत
दोपहर बाद हुई तेज बारिश किसानों के लिए आफत बनकर आई है। किसान वेदपाल, रमेश कुुमार, नारायण सिंह, सतबीर सिंह ने बताया कि उनकी फसल अब तैयार हो चुकी है लेकिन बारिश के कारण नरमे की फसल पूूरी तरह से खराब हो गई। इससे पहले भी हुई बारिश के कारण नरमे की फसल खराब हो गई थी लेकिन अब फसल से उत्पादन होने की कोई उम्मीद नहीं है। उनको इसका काफी नुकसान पहुंचा है। खाद, स्प्रे और अन्य खर्च भी अब जेब से ही देना पड़ेगा।
भारी बारिश के बावजूद यातायात पुलिस के जवानों ने व्यवस्था को संभाला
सिरसा। जिला की यातायात पुलिस ने बारिश के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु रखा। मंगलवार को हुई बारिश से शहर में जगह-जगह जलभराव हो गया। यातायात थाना प्रभारी इंस्पेक्टर बहादुर सिंह के नेतृत्व में यातायात पुलिस के जवानों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर व्यवस्था को बखूबी संभाला। इस दौरान पुलिस व होमगार्ड के जवानों ने घुटनों तक पानी में खड़े होकर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखा। यातायात थाना प्रभारी बहादुर सिंह ने बताया कि सेवा सुरक्षा और सहयोग पुलिस का परम दायित्व है। पुलिस की नौकरी जनसेवा का बेहतरीन माध्यम है। पुलिसकर्मी जहां भी ड्यूटी पर रहें उक्त क्षेत्र में सराहनीय कार्य करें। जिससे समाज में पुलिस की बेहतर छवि नजर आएगी।
बरसात के बाद हुए जलभराव से गुजरता टैक्टर।- फोटो : Sirsa
जनता भवन रोड पर बरसात के बाद हुआ जलभराव।- फोटो : Sirsa
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय में बरसात में छाता लेकर जाता व्यक्ति ।- फोटो : Sirsa
बारिश में शहर की यातायात व्यवस्था को संभालते हुए पुलिसकर्मी।- फोटो : Sirsa