नप कार्यालय में ईओ सुरेंद्र कुमार, कार्यकारी अभियंता राकेश पूनियां से बातचीत करते एसडीएम राजेश ?
- फोटो : Sirsa
डबवाली। एसडीएम राजेश पूनिया ने नगर परिषद कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। नो ड्यूज सर्टिफिकेट, जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र में देरी होने की शिकायतों पर ईओ सुरेंद्र कुमार, कार्यकारी अभियंता राकेश पूनिया से पूछताछ की। अधिकारियों ने बताया कि ऑब्जेक्शन के कारण एनडीसी या अन्य प्रमाण पत्र रुके हुए हैं।
उन्होंने दावा किया कि कार्य समयावधि में पूरा किया जा रहा है। एसडीएम ने लोगों की शिकायतों का जिक्र करते हुए कहा कि कार्य में देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों ने फील्ड वर्क की बहानेबाजी करनी शुरू की तो एसडीएम ने दो टूक कहा कि सोमवार से शुक्रवार तक फील्ड वर्क करो। शनिवार तथा रविवार को कार्यालय में मौजूद रहकर लोगों के कार्य निपटाओ। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि आदेशों की पालना न होने पर कार्रवाई की जाएगी।
कार्यालय में हेल्प डेस्क बनेगा
नप अधिकारियों ने एसडीएम के आगे ऑब्जेक्शन लगी फाइलों को रख दिया तो एसडीएम बोले कि व्यवस्था यह होनी चाहिए कि जब आवेदन दाखिल हो तो उसी समय संबंधित को बता दिया जाए कि डॉक्यूमेंट कम है, तो लोगों पर बोझ नहीं बढ़ेगा। एसडीएम ने कार्यालय में हेल्प डेस्क बनाने के आदेश दिए। संभव होगा तो हेल्प डेस्क पर तैनात कर्मचारी ही लोगों के आवेदन ऑनलाइन करेगा।
सोमवार को लगेगा टेंडर
एसडीएम ने उपमंडल नागरिक अस्पताल के साथ अनाज मंडी को जाने वाली रोड की दुर्दशा पर अधिकारियों से जवाब तलबी की तो पता चला कि सड़क को बनाने की मंजूरी मिल चुकी है। सोमवार को इसके लिए टेंडर किया जाएगा। बता दें कि रोड पर गड्ढे हैं। इस वजह से वाहन चालकों के साथ-साथ दुकानदारों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। अनाज मंडी में आने वाले किसानों के ट्रैक्टरों या अन्य वाहनों को नुकसान पहुंचता है।
नगर परिषद कार्यालय का दौरा किया गया। कार्य समयावधि अनुसार हो रहा है। जिन फाइलों पर ऑब्जेक्शन है, वही रुकी हुई हैं। हेल्प डेस्क शुरू कर रहे हैं। उम्मीद है कि सोमवार को कार्य शुरू होगा। हेल्प डेस्क में स्थायी तौर पर तैनाती के लिए कर्मचारी की मांग की जाएगी। कार्य के लिए लोगों को क्या जरूरी डॉक्यूमेंट जमा करवाने होते है, उनकी लिस्ट हेल्प डेस्क तथा ई-दिशा केंद्र में चस्पा होगी।
-राजेश पूनिया, एसडीएम, डबवाली।