कृषि कानूनों के विरोध में शनिवार को अलग-अलग गांवों से 300 से अधिक किसान ट्रैक्टर लेकर दिल्ली परेड में शामिल होने के लिए रवाना हुए हैं। वहीं दोपहर के समय गांव जोधपुरियां से किसान ट्रैक्टर रैली निकालते हुए शहीद भगत सिंह खेल स्टेडियम स्थित पक्का मोर्चा स्थल पर पहुंचे।
किसानों ने बरनाला रोड स्थित बाबा भूमण शाह चौक पर ट्रैक्टरों का काफिला रोक दिया और उपमुख्यमंत्री आवास के समक्ष नारेबाजी शुरू कर दी। वहीं दूसरी तरफ किसानों के प्रदर्शन को देखते हुए यहां पहले से भारी पुलिस बल तैैनात रहा। पुलिस ने उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला और बिजली मंत्री चौधरी रणजीत सिंह के आवास की तरफ जाने वाले रास्तों पर बैरिकेड लगाकर रास्ता बंद कर दिया। जिसके पश्चात किसान यहां से अन्य गांवों में ट्रैक्टर मार्च निकालने के लिए रवाना हो गए।
इस मौके पर किसान नेता बाबा गुरदीप सिंह, प्रवीण बैनीवाल, नवीन गोदारा, जेवी गोदारा, हर्ष कासनियां, सुनील, संजय, हरी सिंह, रोहताश कुमार कालू गढ़वाल उपस्थित रहे।
जोधपुरिया के किसानों ने भी निकाला ट्रैक्टर मार्च
गांवों में निकाला ट्रैक्टर मार्च कृषि कानूनों के विरोध में 26 जनवरी को निकाली जाने वाली ट्रैक्टर परेड को लेकर भी गांवों में ट्रैक्टर मार्च निकाला गया। गांव जोधपुरियां से होते हुए किसान फतेहपुरियां, शेखुपुरियां, पंजुआना, खैरेंका से सांगवान चौक से होते हुए खेल स्टेडियम पहुंचे। किसानों ने यहां पर किसान एकता जिंदाबाद के नारे भी लगाए।
पंजाब के किसान भी पहुंचे भावदीन टोल पर
उधर भावदीन टोल प्लाजा पर दिन भर ट्रैक्टरों के जरिये किसानों का पहुंचना लगा रहा। यहां से काफी संख्या में किसान ट्रैक्टरों पर दिल्ली के लिए रवाना हुआ। टोल प्लाजा पर काफी संख्या में पंजाब के किसान भी ट्रैक्टर लेकर पहुंचे। यहां कुछ देर ठहराव के बाद वे भी दिल्ली के लिए कूच कर गए।