फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

किसान आंदोलन नहीं आया काम, विरोध के बावजूद बढ़ा भाजपा का वोट बैंक

विज्ञापन
अभय चौटाला की जीत पर ढोल पर नाचता बुजुर्ग। - फोटो : Sirsa
विज्ञापन
सिरसा। कृषि कानून के विरोध में इस्तीफा देने के बाद खाली हुई ऐलनाबाद सीट पर उपचुनाव हो चुका है। मंगलवार को परिणाम भी आ गया। इस्तीफा देकर किसानों का समर्थन हासिल करने वाले इनेलो प्रत्याशी अभय सिंह चौटाला ने 65992 वोट लेकर भाजपा-जजपा के साझे प्रत्याशी गोबिंद कांडा को 6739 वोटों से हरा दिया। गोबिंद कांडा ने 59253 वोट हासिल किए हैं। कांग्रेस प्रत्याशी पवन बैनीवाल केवल 20904 वोट ही हासिल कर पाए। वे अपनी जमानत भी नहीं बचा पाए।
विज्ञापन

उपचुनाव में इस बार मुख्य मुद्दा किसान आंदोलन ही रहा। पूरे चुनाव प्रचार के दौरान किसानों ने भाजपा-जजपा का जगह-जगह विरोध किया और कई जगह गांवों में घुसने तक नहीं दिया। ऐसे में लग रहा था कि भाजपा-जजपा प्रत्याशी अपनी जमानत भी नहीं बचा पाएगा। लेकिन हुआ इसके ठीक विपरीत। भाजपा प्रत्याशी को 59,253 वोट मिले। भाजपा का पिछले चुनाव के मुकाबले इस बार वोट फीसदी बढ़ा ही है। पिछली बार भाजपा प्रत्याशी पवन बैनीवाल को 45133 वोट मिले थे, जबकि इस बार 14120 वोटों की बढ़त के साथ भाजपा ने अपना दमखम दिखाया है। इनेलो प्रत्याशी अभय सिंह चौटाला को पिछली बार 57055 वोट मिले थे, जबकि इस बार भी उनका वोट बैंक करीब 8937 अतिरिक्त वोटों के साथ पहले से सुधरा ही है। इसके अलावा कांग्रेस प्रत्याशी को पिछले चुनावों में 35383 वोट ही मिले थे। जबकि इस बार कांग्रेस का वोट बैंक कम हो गया। कांग्रेस के 14479 वोट घटे और इस बार केवल 20904 वोट ही मिले।
कांग्रेस सहित 17 प्रत्याशी नहीं बचा पाए अपनी जमानत
इस बार ऐलनाबाद उपचुनाव में 19 प्रत्याशी मैदान में थे। ईवीएम में एक बटन नोटा का भी रहा। इनेलो जीती और भाजपा दूसरे स्थान पर रही। नोटा को छोड़ दे तो कांग्रेस सहित 17 प्रत्याशी अपनी जमानत भी नहीं बचा पाए। इसी में जमानत खोने वालों में 11 प्रत्याशी तो ऐसे है जो नोटा को मिले वोटों से भी कम रहे। जमानत नहीं बचा पाने वाले प्रत्याशियों में पांच तो ऐसे हैं जो विभिन्न पार्टियों से संबंधित थे। एक किसान नेता भी मैदान में था। जिसे 500 से कम वोट मिले हैं।
विज्ञापन

जानिये वोट बैंक बढ़ने और घटने का यह रहा कारण
इनेलो: प्रत्याशी अभय सिंह चौटाला को पिछली बार 57055 वोट मिले थे। इस बार वोट बैंक बढ़ा और 65992 वोट इनेलो के खाते में गए।
कारण : इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला ने तीन कृषि कानूनों के खिलाफ जाकर विधानसभा से इस्तीफा दिया। इसकी सहानुभूति मिली।
भाजपा: 2019 में प्रत्याशी रहे पवन बैनीवाल को 45133 वोट मिले थे। इस बार भाजपा-जजपा के साझे प्रत्याशी गोबिंद कांडा ने 59253 वोट हासिल किए है। भाजपा का वोट बैंक बढ़ा है।
कारण: उपचुनाव के दौरान सीएम से लेकर डिप्टी सीएम और विधायक मंत्रियों तक ने क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने वादा किया कि सत्ता में भागेदारी दे दो तो विकास के रास्ते खोल देंगे। इस कारण वोटर भाजपा की ओर से आकर्षित हुआ। इसके अलावा कांग्रेस का वोटर टूटकर भी भाजपा की ओर आया।
कांग्रेस: वर्ष 2019 में हुए चुनाव में तत्कालीन प्रत्याशी भरत सिंह बैनीवाल को 35383 वोट मिले थे। इस बार कांग्रेस के प्रत्याशी रहे पवन बैनीवाल को केवल 20904 वोट ही मिले हैं।
कारण: पार्टी के मजबूत दावेदार भरत सिंह बैनीवाल की टिकट काटकर हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुए पवन बैनीवाल को टिकट दे दी गई। इससे भरत सिंह बैनीवाल नाराज हो गए। इस नाराजगी का खामियाजा कांग्रेस को भुगतना पड़ा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें