सिरसा। जिला के डबवाली स्थित चौटाला रोड रविवार शाम हुई लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। खुलासा हुआ है कि ये लूट का मामला नहीं था बल्कि ओवरटेक के प्रयास में वाहनों की टक्कर के बाद आपसी झगड़े का विवाद था।
जांच के दौरान सामने आया है कि गाड़ी चालक जतिन बांसल निवासी गोलूवाला राजस्थान ने मंडी डबवाली से राजस्थान जाते हुए मोटरसाइकिल सवार युवकों को गांव सकताखेड़ा क्षेत्र में ओवरटेक किया था। ओवरटेक करने से मोटरसाइकिल सवार युवक दुर्घटना होने से बाल-बाल बचे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार युवकों कुलदीप, कुलविंद्र व सुखदीप सिंह निवासी सकताखेड़ा ने कार को रुकवाकर चालक जतिन बांसल व उसके पिता मांगे राम से कहा कि आपकी लापरवाही से हमारी जान चली जाती। ये बात सुनकर कार चालक जतिन व उसका पिता दोनों तैश में आ गए और झगड़ने लगे। इस पर कार चालक जतिन बांसल व उसके पिता मांगे राम ने मनगढ़ंत कहानी बनाकर डायल 112 पर लूट की झूठी सूचना दे दी। इस पर डबवाली थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह, सीआईए डबवाली प्रभारी इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार टीम सहित मौके पर पंहुचे और घटना की जांच शुरू कर दी। लूट की झूठी सूचना देने वालों ने उक्त मोटरसाइकिल के नंबर पुलिस को दिया। जांच के दौरान युवकों से पूछताछ की तो लूट की इस झूठी कहानी से पर्दा उठ गया।