ओढां (सिरसा)। प्रदेश सरकार में मंत्री रहे चौधरी जगदीश नेहरा के बेटे पूर्व चेयरमैन सुरेंद्र नेहरा से फोन पर रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। फोन पर धमकी देने वाले व्यक्ति ने स्वयं को लॉरेंस गिरोह का सदस्य बताया। ओढां पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शुक्रवार रात को पुलिस को दी शिकायत में सहकारी बैंक सिरसा के पूर्व चेयरमैन सुरेंद्र नेहरा ने बताया कि उसके पास 16 जनवरी को एक फोन आया। फोन करने वाले व्यक्ति ने अपना नाम गोल्डी बराड़ और अपने आप को लॉरेंस गिरोह का सदस्य बताया। उक्त व्यक्ति ने फोन पर रंगदारी मांगी। जिसे पूरा नहीं करने पर अंजाम भुगतने के लिए भी कहा। सुरेंद्र नेहरा ने उक्त शिकायत पुलिस अधीक्षक को देते हुए सुरक्षा व्यवस्था की मांग की। जिसके बाद ओढां पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ रंगदारी मांगने व जान से मारने की धमकी देने के आरोप में केस दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी काशीराम बैनीवाल ने बताया कि गांव भागसर निवासी सुरेंद्र नेहरा की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। जिस नंबर से फोन आया है कि उसकी जांच की जा रही है।