सिरसा। डबवाली रोड स्थित निजी अस्पताल की डॉक्टर द्वारा ग्रामीण पर दर्ज करवाए गए केस को वापस करवाने की मांग को लेकर शनिवार वैदवाला के ग्रामीण एसपी से मिलने के लिए पहुंचे। आईएमए द्वारा मरीज के इलाज के लिए दी गई 25 हजार की राशि ग्रामीणों ने डीएसपी आर्यन के माध्यम से वापस करने का प्रयास किया तो वे उन पर भड़क उठे। बोले, पैसे देने वाला क्या ड्रामा हो रहा है। उन्होंने मांग पत्र लेना था ले लिया और जिसने पैसे लिए थे वहीं वापस करे। वहीं उन्होंने ग्रामीणों को अस्पताल द्वारा जारी की गई वीडियो देखने की भी बात कही।
शनिवार को एसपी से मिलने के लिए पहुंचे गांव सरपंच जसपाल कौर, बलजिंद्र सिंह, जीतेंद्र सिंह, जसविंद्र सिंह, जगदेव सिंह, अजय बढ़ला, डॉ. मलूक सिंह ने कहा कि डॉक्टरों की ओर से खिलाड़ी का गलत इलाज किया गया है। जिसके कारण वह अब चल भी नहीं सकता और पैर सूखना शुरू हो चुका है। खिलाड़ी का इलाज करवाने के लिए वह डॉक्टरों से पहले भी कई बार मिल चुके थे लेकिन डॉक्टरों ने उनकी एक नहीं सुनी। जिसके बाद वह डॉक्टरों से बातचीत करने के लिए गिल अस्पताल में पहुंचे थे। लेकिन महिला डॉक्टरों ने भूपेंद्र सिंह वैदवाला, जगतार सिंह और अन्य लोगों द्वारा छेड़छाड़ करने का झूठा केस दर्ज करवाया दिया। जिसके वापस करवाने की मांग को लेकर ग्रामीण शनिवार को एसपी से मिलने के लिए पहुंचे। वहीं ग्रामीणों ने कहा कि सोमवार को पंजाब और हरियाणा के खिलाड़ी भी इसी मांग को लेकर एसपी को मांग पत्र सौंपने के लिए पहुंचेंगे। अगर इसके बाद भी उनकी मांग को पूरा नहीं किया जाता तो वह गिल अस्पताल का घेराव कर उसके समक्ष पक्का मोर्चा लगाने को भी मजबूर होंगे।
डीएसपी से आईएमए को 25 हजार की राशि वापस करने की रखी थी मांग
डीएसपी आर्यन चौधरी ग्रामीणों को मांग पत्र लेने के लिए पहुंचे तो एक ग्रामीण ने उनके माध्यम से 25 हजार की राशि आईएमए को वापस देने की मांग रख दी और राशि पकड़ाने का भी प्रयास किया। लेकिन डीएसपी इस बात को लेकर भड़क उठे और उन्होंने राशि लेने से साफ इंकार कर दिया। वहीं उन्होंने ग्रामीणों को कहा कि जिसने उनसे राशि ली है वह खुद ही उनको वापस करे। उन्होंने उनसे राशि नहीं ली। जिसके बाद डीएसपी ने सभी ग्रामीणों को कहा कि आईएमए की ओर से महिला थाने में एक वीडियो दी है। जिसे वह भी देखे और अंदाज लगाए की उन्होंने गलत किया है यह सही। जिसके बाद डीएसपी मांग पत्र लेकर वापस लौट गए।
किसान नेता चढूनी भी आए वैदवाला के समर्थन में
वहीं किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी ने भी एक वीडियो जारी कर भूपेंद्र सिंह वैदवाला का समर्थन किया है। जारी वीडियो में उन्होंने कहा कि डॉक्टरों की ओर से मरीज का गलत इलाज किया गया है। जिसके कारण उसका पैर खराब हो गया है। अगर वह उसका दोबारा से इलाज करवाने की मांग लेकर अस्पताल में पहुंचे तो महिला डॉक्टर ने छेड़छाड़ का मामला दर्ज करवा दिया। जबकि डॉक्टर पर भी मामला दर्ज होना चाहिए। वहीं उन्होंने कहा कि इस तरह कोताही वे बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने किसान नेता पर दर्ज किया मुकदमा वापस लेने और डॉक्टर पर भी मामला दर्ज करने की मांग उठाई है। वहीं उन्होंने कहा कि अगर उनकी मांग पूरी नहीं होती तो वह आंदोलन करने को मजबूर होंगे। जिसका जिम्मेदार जिला प्रशासन होगा।
जट्ट भाईचारा ने डॉक्टरों का दिया समर्थन
जट्ट भाईचारा सिरसा की बैठक प्रधान कुलवंत सिंह की अध्यक्षता में हुई संपन्न हुई। बैठक में गिल अस्पताल के संचालक डॉक्टर कुलविंदर गिल व उनकी पत्नी डॉक्टर प्रवीण गिल के साथ अस्पताल में हुई घटना पर निंदा व्यक्त की गई। जट्ट भाईचारा ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए ताकि आगे से कोई इस तरह का शरारती तत्व शहर की शांति को भंग न कर सके। जट्ट भाईचारा के सचिव सुखजिंदर सिंह सिद्धू ने कहा कि पूरा भाईचारा डॉक्टर कुलविंदर गिल के साथ है। जट्ट भाईचारा की तरफ से सभी संगठनों से यह अपील की कि इस घटना को किसान आंदोलन से न जोड़ा जाए क्योंकि यह एक मरीज और डॉक्टर का आपसी मामला है।
इंसाफ के लिए हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तक भी जाएंगे : डॉ. कुलविंद्र
एक ग्रामीण पर दर्ज करवाए मामले को लेकर आईएमए ने देर शाम को निजी रेस्तरां में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि वह किसी भी हालात में मामला वापस नहीं लेंगे। अगर उन्हें यहां पर इंसाफ नहीं मिलता तो वह हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में जाएंगे। वह प्रशासन से इंसाफ मांग रहे है। वहीं, उन्होंने कहा कि उन्होंने अभद्र व्यवहार करने और छेड़छाड़ करने के लिए एक ग्रामीण पर मामला दर्ज करवाया है। इसे किसान नेता के साथ न जोड़ा जाए। उन्होंने भूपेंद्र सिंह वैदवाला के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है, लेकिन कई लोग इसके किसान आंदोलन का रूप दे रहे हैं। रविवार शाम 4 बजे सभी डॉक्टर अस्पताल के आगे एकत्र होकर सांगवान चौक तक रोष मार्च निकालेंगे।
ग्रामीण पर दर्ज हुए मामले को रद्द करवाने के लिए एसपी से मिलने पहुंचे वैदवाला के ग्रामीण ।- फोटो : Sirsa
जट्ट भाईचारा सिरसा की बैठक में मौजूद सदस्य।- फोटो : Sirsa