हरियाणा के सिरसा जिले के गोरीवाला क्षेत्र में प्रेम नगर स्थित गुरुद्वारा के सामने वाली गली में एक युवक ने देसी कट्टे से अपने पेट में गोली मार ली। गोली की आवाज सुनकर उसकी पत्नी, भाभी, मां, पड़ोसी मौके पर पहुंचे तो देखा गोली लगने से उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान बलजिंद्र (34) के रूप में हुई है।
मृतक के चचेरे भाई हरचरण सिंह निवासी गांव खुइयां मलकाना ने बताया कि बलजिंद्र मानसिक तौर पर परेशान रहता था। डबवाली के बठिंडा रोड पर स्थित निजी अस्पताल से उसकी मानसिक बीमारी का इलाज चल रहा था। सोमवार को वह पूरा दिन वह घर पर था। दवा लेने के लिए घर से बाहर गया, फिर वापस आ गया।
शाम को वह घर के चौबारे में अपने कमरे में बैठा हुआ था। उसने पानी पीने का बहाना कर अपनी पत्नी को नीचे भेज दिया। उसकी पत्नी सीढ़ियां उतरी ही थी कि उसे चौबारे में गोली चलने की आवाज सुनाई दी। वह दौड़कर कमरे में पहुंची तो देखा कि कमरे में खून फैला हुआ था।
गोली चलने की आवाज सुनकर पड़ोसी भी आ गए। वहीं तब तक युवक की मौत हो चुकी थी। सूचना पाकर शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डबवाली के उपमंडल नागरिक अस्पताल में पहुंचाया। वहीं पुलिस ने मौके से देसी कट्टा भी बरामद किया है। मृतक के दो बेटियां थी और वह इलेक्ट्रिशियिन का काम करता था। करीब 10 वर्ष पहले गांव खुइयां मलकाना छोड़कर अपने भाई दविंद्र के साथ डबवाली में बस गया था।