संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। स्वच्छ भारत मिशन शहरी व ग्रामीण की जिलास्तरीय टास्क फोर्स की बैठक के बाद नगर परिषद ने शहर को पॉलिथीन मुक्त करने का निर्णय लिया है। इसके तहत नगर परिषद की ओर से विशेष अभियान चलाकर पॉलिथीन रखने वालों के चालान किए जाएंगे। इसके लिए नगर परिषद ने टीम का गठन कर लिया है।
बता दें कि शहर में 70 फीसदी कचरा फैलने का मुख्य कारण पॉलिथीन है। शहर के खाली प्लॉट, डंपिंग प्वाइंट बाजार सहित अन्य स्थानों पर पॉलिथीन का ही अधिक कचरा देखने को मिलता है। शुक्रवार को नगर आयुक्त डॉ. किरण सिंह ने सभी सरकारी व गैर सरकारी सदस्यों को स्वच्छ भारत मिशन के तहत शहर व गांवों को साफ सुथरा रखने के निर्देश दिए थे। बैठक में डोर टू डोर कचरा उठाने, ओडीएफ, पब्लिक टाॅयलेट साफ रखने, सूखा-गीला कूड़ा अलग-अलग डालने, सफाई व्यवस्था व लोगों को जागरूक करने संबंधित रिपोर्ट पर समीक्षा की। उन्होंने टास्क फोर्स कमेटी के सदस्यों को स्वच्छ मिशन को लेकर सख्ती से कार्य किए जाने के भी निर्देश दिए थे। इसके बाद अब नगर परिषद व ग्रामीण क्षेत्रों के सदस्यों ने स्वच्छ भारत मिशन को तेज करने के लिए रणनीति बनानी शुरू कर दी है। पहले चरण में शहर को पाॅलीथिन मुक्त बनाने का निर्णय लिया गया है। इसके तहत सिरसा सहित अन्य ब्लाॅक में अभियान चलाकर दुकानदारों के भी चालान काटे जाएंगे। लोगों को कपड़े के थैले व सामान लेने के लिए घर से ही थैला ले जाने को लेकर जागरूक किया जाएगा।
वर्जन
स्वच्छ भारत मिशन शहरी व ग्रामीण टास्क फोर्स के साथ नगर आयुक्त ने बैठक की थी। इसमें स्वच्छ भारत मिशन को तेज करने के लिए निर्देश दिए थे। इसके लिए अब तैयारी कर ली है। शहर में जल्द ही पॉलिथीन मुक्त अभियान चलाया जाएगा। लोगों कूड़ा कूड़ेदान में डालने, सूख व गीला कूड़ा अलग-अलग रखने, पॉलिथीन के बजाय कपड़े के थैलों का इस्तेमाल करने के लिए भी जागरूक किया जाएगा। - जतिन गोयल, इंचार्ज, स्वच्छ भारत मिशन, सिरसा ।