संवाद न्यूज एजेंसी
गोरीवाला। गांव देसूजोधा में शनिवार को खाद्य एवं औषधि विभाग की ओर से तीन मेडिकल स्टोर पर छापा कार्रवाई की गई। इनमें से दो मेडिकल स्टोर पर नशे में प्रयुक्त होने वाली दवाई मिली। इसके बाद टीम ने मेडिकल स्टोर को सील कर दिया।
जानकारी अनुसार शनिवार को पुलिस टीम के साथ खाद्य एवं औषधि विभाग ने मेडिकल स्टोरों पर छापे की कार्रवाई की। टीम का नेतृत्व सीनियर ड्रग कंट्रोलर निरीपन गोयल और ड्रग कंट्रोलर रजनीश धालीवाल ने किया। टीम नेे सिद्धू मेडिकल स्टोर, कन्हैया मेडिकल स्टोर और खुशी मेडिकल स्टोर पर करीब चार घंटे तक छानबीन की गई। इस दौरान दो मेडिकल स्टोरों पर टीम को नशे में प्रयुक्त होने वाली दवाइयां मिलीं। इसके बाद टीम ने इसके संबंधित स्टोर संचालकों से जानकारी मांगी, लेकिन कोई रिकार्ड नहीं मिला। इसके बाद टीम की ओर से दोनों मेडिकल स्टोरों से सील कर दिया गया और नोटिस जारी किया गया है।
शुक्रवार को 10 क्विंटल 50 किलो पकड़ी गई थी चूरा डोडापोस्त
बता दे कि बीते दिन शुक्रवार को ही पुलिस की ओर से गांव देसूजोधा में 10 क्विंटल 50 किलो चूरा डोडापोस्त पकड़ी गई थी। जबकि यह गांव डीएसपी की ओर से गोद किया गया है और गांव में लगातार नशा न करने को लेकर नुक्कड़ नाटक और जागरूकता अभियान चलाए जा रहे है। लेकिन इसके बाद भी इस क्षेत्र से भारी मात्रा में नशी के लिए उपयुक्त होने वाली दवाइंया और अन्य सामान पकड़ा जा रहा है।
देसूजोधा गांव में मेडिकल स्टोर पर नशे में प्रयुक्त होने वाली दवाइयां मिलने की शिकायत पर छापे की कार्रवाई की गई है। दो मेडिकल स्टोरों को सील किया गया है। निरंतर ही मेडिकल स्टोरों पर जांच करने का अभियान जारी है। - निरीपन गोयल, सीनियर ड्रग कंट्रोलर, सिरसा ।