सिरसा। राजकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों को साइकिल उपलब्ध करवाने के लिए वीरवार को शहीद भगत सिंह स्टेडियम में मेला लगाया गया। दो दिवसीय मेले के पहले दिन अभिभावक साइकिल स्टॉल संचालकों से उलझते नजर आए। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि विभाग ने साइकिल लेने के लिए 3100 और 3300 रुपये की रेंज रखी है। जबकि मेले में भी एक भी साइकिल इस कीमत की नहीं मिली। ऐसे में अभिभावकों को मजबूरन ज्यादा पैसे देकर बच्चों के लिए साइकिल खरीदनी पड़ेगी। पहले दिन 1138 विद्यार्थियों ने साइकिलें पसंद की हैं।
शिक्षा विभाग की ओर से अनुसूचित जाति व जनजाति के विद्यार्थियों को निशुल्क में साइकिल दी जाती है। इसके लिए शहीद भगत सिंह स्टेडियम में साइकिल मेला लगाया गया। जिलेभर से 9वीं कक्षा के विद्यार्थी साइकिल पसंद करने के लिए स्टेडियम में पहुंचे। विद्यार्थियों को 3100 और 3300 रुपये कीमत की साइकिल पसंद करनी थी। लेकिन मेले में कम से कम कीमत की 4500 रुपये की साइकिल ही मिली। ऐसे में तय शर्तों के अनुसार अतिरिक्त राशि अभिभावकों को देनी पड़ेगी। तय रेंज में साइकिल नहीं मिलने से अभिभावक भी परेशान नजर आए।
विद्यार्थियों ने पसंद की 8 हजार की रेंजर साइकिलें
मेले में आए विद्यार्थियों की पहली पसंद रेंजर साइकिल रही। जिसकी कीमत करीब 8 हजार रुपये थी। लेकिन अभिभावकों ने इन साइकिल को खरीदने में असमर्थता जाहिर की। जिस कारण विद्यार्थियों को बिना साइकिल पसंद किए ही मेले से लौटना पड़ा। विद्यार्थियों ने कहा कि साइकिल तो पसंद आ रही है लेकिन महंगी बहुत हैं।
जानिये किस ब्लॉक के कितने विद्यार्थियों ने पसंद की साइकिल
ऐलनाबाद- 148
बड़ागुढ़ा- 169
रानियां- 203
सिरसा- 258
डबवाली- 142
चोपटा- 182
ओढ़ा- 36
मुझे रेंजर साइकिल पसंद आई थी लेकिन वो बहुत महंगी है। इसलिए पिताजी ने मना कर दिया। इसलिए एक ऐसी साइकिल पसंद की है, जो कि बजट में आती है।
- अतुल कुमार, विद्यार्थी।
एक साइकिल पसंद की थी लेकिन वह विभाग के निर्धारित बजट में नहीं है। पिता के कहने पर वो साइकिल अब नहीं ले रहे। अब एक ऐसी साइकिल पसंद की है। जिसके लिए एक हजार रुपये अतिरिक्त उन्हें देने होंगे।
- विक्रम, विद्यार्थी।
जो साइकिल पसंद कर रहे हैं वो मिल नहीं रही है। जो अभिभावक साइकिल लेने के लिए बोल रहे हैं। वो पसंद नहीं आ रही है। वहीं विभाग ने जो पैसे देने हैं, उतने पैसे में तो यहां कोई साइकिल ही नहीं है।
- निशा रानी, विद्यार्थी।
अध्यापक ने बोला था कि 3100 रुपये तक की साइकिल के लिए आपको पैसे दिए जाएंगे। हमने सोचा था कि इतने पैसे में साइकिल आ जाएगी। लेकिन यहां आकर देखा तो इतने पैसे की साइकिल यहां पर है ही नहीं।
- ज्योति, विद्यार्थी।
शिक्षा विभाग की ओर से दो दिवसीय साइकिल मेले का आयोजन किया गया है। जिसमें पहले दिन 1138 विद्यार्थियों ने साइकिलें पसंद की हैं। निदेशालय की ओर से 20 इंची साइकिल के लिए 3100 और 22 इंची साइकिल के लिए 3300 रुपये योजना के तहत विद्यार्थियों को दिए जाने हैं।
- अनिल कुमार, असिस्टेंट एजुकेशन ऑफिसर।